दिग्गज दोपहिया कंपनी टीवीएस मोटर (TVS Motor) अब इलेक्ट्रिक सेगमेंट में तेजी से आगे बढ़ रही है। ब्रोकरेज फर्म जेफरीज (Jefferies) इसे निवेश के शानदार मौके के तौर पर देख रहा है और उसका मानना है कि ऑटो सेक्टर में रिकवरी के चलते इसका कारोबार और मजबूत होगा। आज इसके शेयरों में मामूली गिरावट है जो ब्रोकरेज के टारगेट के मुताबिक निवेश का मौका है। टीवीएस के शेयर फिलहाल 0.59 फीसदी की कमजोरी के साथ 1048.60 रुपये (TVS Motor Share Price) पर ट्रेड हो रहे हैं। वहीं जेफरीज ने इसमें निवेश के लिए 1550 रुपये का टारगेट फिक्स किया है यानी कि मौजूदा लेवल से यह 48 फीसदी चढ़ सकता है।
TVS को लेकर क्या है Jefferies की रिपोर्ट में
हाल ही में दोपहिया इलेक्ट्रिक गाड़ियों के मामले में टीवीएस दूसरे स्थान पर पहुंच गया। इसके इलेक्ट्रिक गाड़ियों की मांग इतनी मजबूत हुई है कि इस सेगमेंट में टीवीएस मोटर का मार्केट शेयर तेल से चलने वाली बाइक के 24 फीसदी मार्केट शेयर के बराबर पहुंच गया है। अपने आने वाले प्रोडक्ट्स को लेकर कंपनी ने खास जानकारी नहीं दी है लेकिन एक से डेढ़ साल के भीतर इसकी योजना कई दोपहिया और तिपहिया गाड़ियों को लॉन्च करने की है यानी ईवी वॉल्यूम में तेजी आएगी। जेफरीज का मानना है कि इलेक्ट्रिफिकेशन पर सही समय पर फोकस के चलते इलेक्ट्रिक गाड़ियों का रिस्क मौके के रूप में बनता दिख रहा है।
टीवीएस ने सिर्फ ईवी सेगमेंट में ही नहीं तेल से चलने वाली गाड़ियो के सेगमेंट में सुधार किया है। वित्त वर्ष 2017 से वित्त वर्ष 2023 में अब तक इसका मार्केट शेयर स्कूटर में 15 फीसदी से 24 फीसदी, 125सीसी या इससे अधिक क्षमता वाली मोटरसाइकिल्स में 11 फीसदी से 15 फीसदी, दोपहिया निर्यात में 16 फीसदी से 25 फीसदी और तिपहिया निर्यात में 21 फीसदी से 42 फीसदी पर पहुंच गया है। फ्रेंचाइजी में सुधार ने इसके प्राइसिंग पावर को मजबूत किया है।
घरेलू और विदेशी बाजारों में दोपहिया बाजारों की कमजोर मांग ने टीवीएस को नुकसान पहुंचाया है लेकिन एनालिस्ट्स का मानना है कि इंडस्ट्री में रिकवरी का यह फायदा उठाने की मजबूत स्थिति में है। एनालिस्ट्स का अनुमान है कि वित्त वर्ष 2024-2025 में इसका ईबीआईटीडीए मार्जिन 11.3-11.5 फीसदी पर पहुंच सकता है। ब्रोकरेज ने वित्त वर्ष 2023-25 में ईपीएस के अनुमान में 3 फीसदी की कटौती की है और 38 फीसदी की सीएजीआर (कंपाउंड एनुअल ग्रोथ रेट) का अनुमान लगाया है। जेफरीज इसे निवेश के मौके के रूप में देख रहा है और इसके टॉप ऑटो स्टॉक्स बेट में है।
पिछले साल 5 महीने में पैसा किया था डबल
टीवीएस के शेयरों ने पिछले साल निवेशकों के पैसों को महज पांच महीने में डबल कर दिया था। पिछले साल 12 मई 2022 को यह 589.10 रुपये के भाव पर था जो एक साल का निचला स्तर है। इसके बाद अगले पांच महीने में ही यह दोगुना उछलकर 19 अकटूबर 2022 को एक साल के हाई 1177 रुपए पर पहुंच गया। हालांकि शेयरों की तेजी यहीं थम गई और फिलहाल इस लेवल से 11% नीचे भाव पर है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।