TVS Share Price: वियतनाम में एंट्री टीवीएस के शेयरहोल्डर्स के लिए बहुत शुभ रही। टीवीएस मोटर कंपनी (TVS Motor Company) के शेयर आज सुस्त मार्केट में भी इंट्रा-डे में ढाई फीसदी से अधिक उछल गए। इस स्पीड से आज यह रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गया। इसके शेयरों को दो हफ्ते में दूसरी बार वैश्विक विस्तार से सपोर्ट मिला। इस बार यह वियतनाम में एंट्री करने जा रही है। इसने शेयरों को लेकर रुझान पॉजिटिव किया और इंट्रा-डे में यह 2.63 फीसदी उछलकर 1784 रुपये पर पहुंच गया। मुनाफावसूली के चलते भाव में नरमी तो आई है लेकिन थोड़ी सी है।
आज बीएसई पर यह 2.20 फीसदी की तेजी के साथ 1776.50 रुपये के भाव पर बंद हुआ है। 20 जनवरी 2023 को यह एक साल के निचले स्तर 968 रुपये पर आ गया था यानी कि 10 महीने में 84 फीसदी से अधिक उछलकर यह रिकॉर्ड हाई पर पहुंचा है।
वियनताम में ये पांच बाइक्स बेचने की योजना
22 नवंबर को एक्सचेंज फाइलिंग में दी गई जानकारी के मुताबिक टीवीएस मोटर अपने डिस्ट्रीब्यूशन पार्टनर मिन्ह लॉन्ग मोटर्स (Minh Long Motors) के साथ मिलकर वियतनाम में एंट्री कर रही है। वियतनाम में यह कई प्राइस में स्कूटर्स और अंडरबोन मोटरसाइकिल्स पेश करेगी। टीवीएस मोटर मिन्ह लॉन्ग मोटर्स के डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क और मार्केट इनसाइट्स के जरिए वियतनाम में अपनी स्थिति मजबूत करेगी। कंपनी की योजना यहां TVS NTORQ 125, TVS Callisto, TVS Dazz और TVS Rockz बेचने की है।
दो हफ्ते में TVS का दूसरा वैश्विक धमाल
वियतनाम में एंट्री टीवीएस का दो हफ्ते में दूसरा वैश्विक धमाल है। पिछले हफ्ते टीवीएस ने 100 साल पुरानी कंपनी और दिग्गज ऑटो डिस्ट्रीब्यूटर एमिल फ्रे के साथ इंपोर्ट और डिस्ट्रीब्यूशन के लिए एक एग्रीमेंट किया। इसके जरिए टीवीएस ने यूरोप में एंट्री मारी और पहला कदम फ्रांस में। टीवीएस का वैश्विक कारोबार कितना बड़ा है, इसका अंदाजा इससे लगा सकते हैं कि एशिया, अफ्रीका और लैटिन अमेरिका के 80 से अधिक देशों में इसकी मौजूदगी है।