Mamaearth Share Price: मामाअर्थ (Mamaearth) की पैरेंट कंपनी होनासा कंज्यूमर (Honasa Consumer) की शानदार सितंबर तिमाही पर इसके शेयरों को आज जोरदार खरीदारी हो रही है। वैश्विक ब्रोकरेज फर्म जेफरीज भी इसे लेकर काफी पॉजिटिव है और पैसे लगाने की सलाह दी है। सितंबर तिमाही में मामाअर्थ का शुद्ध मुनाफा लगभग डबल होकर 30 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इसके चलते जेफरीज ने इसे खरीदारी की रेटिंग दी है। शानदार तिमाही नतीजे पर आज इसके शेयर आज BSE पर 20 फीसदी उछलकर 422.50 रुपये पर पहुंच गए और इसी लेवल पर आज यह बंद भी हुआ है।
कितना है Mamaearth के लिए टारगेट प्राइस
सितंबर तिमाही में मामाअर्थ की ग्रोथ जून तिमाही में ग्रोथ की तुलना में सुस्त रही। हालांकि जेफरीज ने होनासा कंज्यूमर की वित्तीय स्थिति की मजबूती पर ध्यान दिया। ब्रोकरेज के मुताबिक तिमाही आधार पर ग्रोथ कम हुई है तो इसकी वजह एंटरप्राइज रिसोर्स प्लानिंग (ERP) में बदलाव है। कंपनी का असली परफॉर्मेंस इसमें दिख रहा है कि चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही अप्रैल-सितंबर 2023 में 35 फीसदी से अधिक ग्रोथ रही।
इसकी ग्रोथ को नए ब्रांड से सपोर्ट मिला और डॉ सेठ (Dr Sheth) हाल ही में इसका चौथा ब्रांड बन गया जिसने 150 करोड़ रुपये का एनुअल रिकरिंग रेवेन्यू (ARR) लेनल पार कर दिया। ग्रोथ और मार्जिन पर मैनेजमेंट को भरोसा है और नए ब्रांड्स भी अच्छा परफॉर्म कर रहे हैं। इन सब वजहों से जेफरीज ने इसका EPS (प्रति शेयर कमाई) का अनुमान 5.-6 फीसदी बढ़ा दिया है। ब्रोकरेज ने इसमें निवेश के लिए 530 रुपये का टारगेट फिक्स किया है।
सितंबर तिमाही के नतीजे शेयर मार्केट में लिस्ट होने के बाद मामाअर्थ की पहला तिमाही है। सितंबर तिमाही में इसका रेवेन्यू सालाना आधार पर 21 फीसदी की बढ़त के साथ 496 करोड़ रुपए रहा। वहीं मुनाफा दोगुना उछलकर 30 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। वित्त वर्ष 2023-24 की पहली छमाही में कंपनी का कारोबार सालाना आधार पर 33 फीसदी की दर से बढ़ा जबकि इसी अवधि में FMCG कंपनियों की ग्रोथ 3.8 फीसदी ही रही।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।