Block Deal: दो बड़ी कंपनियों के शेयरों में ब्लॉक डील की तैयारी है। LG Electronics India और Schaeffler India में इनके प्रमोटर बड़ी हिस्सेदारी बेच सकते हैं। दोनों सौदों की कुल वैल्यू करीब ₹5,500 करोड़ तक पहुंच सकती है।

Block Deal: दो बड़ी कंपनियों के शेयरों में ब्लॉक डील की तैयारी है। LG Electronics India और Schaeffler India में इनके प्रमोटर बड़ी हिस्सेदारी बेच सकते हैं। दोनों सौदों की कुल वैल्यू करीब ₹5,500 करोड़ तक पहुंच सकती है।
ऐसे में निवेशकों की नजर इन दोनों शेयरों पर रहेगी। आइए जानते हैं कि किस कंपनी में कितनी हिस्सेदारी बिकने जा रही है और डील के लिए क्या कीमत तय की गई है।
LG Electronics India
दक्षिण कोरिया की कंपनी LG Electronics, अपनी भारतीय सब्सिडियरी LG Electronics India में 2 फीसदी तक हिस्सेदारी बेचने जा रही है। इस ब्लॉक डील की कुल वैल्यू ₹2,320.5 करोड़ तक हो सकती है। डील के लिए फ्लोर प्राइस ₹1,709.30 प्रति शेयर तय किया गया है। यह पिछले बंद भाव से करीब 6 फीसदी कम है। इसके तहत 1.35 करोड़ से ज्यादा शेयर बेचे जा सकते हैं।
फिलहाल LG Electronics के पास कंपनी की 85 फीसदी हिस्सेदारी है। इस बिक्री के बाद यह घटकर 83 फीसदी रह जाएगी। प्रमोटर ने बिक्री के बाद अगले 180 दिनों तक और शेयर बेचने पर लॉक-इन की शर्त स्वीकार की है। यह हिस्सेदारी बिक्री लिस्टेड कंपनियों के लिए जरूरी मिनिमम पब्लिक शेयरहोल्डिंग (MPS) नियमों को पूरा करने के मकसद से की जा रही है।
सितंबर तिमाही में LG Electronics India का रेवेन्यू सालाना आधार पर 19.5 फीसदी बढ़कर ₹7,380 करोड़ रहा। EBITDA 27.9 फीसदी बढ़कर ₹701 करोड़ और नेट प्रॉफिट 27.5 फीसदी बढ़कर ₹489 करोड़ रहा। BSE पर बुधवार को कंपनी का शेयर 2.34 फीसदी की तेजी के साथ ₹1,819.70 पर बंद हुआ।
Schaeffler India
जर्मनी की ऑटोमोटिव और इंडस्ट्रियल कंपोनेंट कंपनी Schaeffler AG अपनी भारतीय कंपनी Schaeffler India में 6 फीसदी तक हिस्सेदारी बेच सकती है। CNBC-TV18 के मुताबिक, इस ब्लॉक डील की वैल्यू करीब ₹3,188 करोड़ हो सकती है। इसके लिए फ्लोर प्राइस ₹3,400 प्रति शेयर तय किया गया है। यह पिछले बंद भाव से करीब 5.6 फीसदी कम है। डील के बाद प्रमोटर पर 180 दिनों का लॉक-इन लागू होगा।
Schaeffler India का सितंबर तिमाही में नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 20.7 फीसदी बढ़कर ₹349 करोड़ रहा। पिछले साल इसी तिमाही में यह ₹289 करोड़ था। कंपनी का रेवेन्यू 26.9 फीसदी बढ़कर ₹3,089.4 करोड़ हो गया। EBITDA भी 17.8 फीसदी बढ़कर ₹537 करोड़ रहा। हालांकि, EBITDA मार्जिन 18.7 फीसदी से घटकर 17.4 फीसदी पर आ गया।
कंपनी के मुताबिक, ऑटो सेक्टर की मजबूत मांग और इंडस्ट्रियल उत्पादन में तेजी से कारोबार को सपोर्ट मिला। बुधवार को शेयर 0.45 फीसदी गिरकर ₹3,595.05 पर बंद हुआ।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।
हिंदी में शेयर बाजार, स्टॉक मार्केट न्यूज़, बिजनेस न्यूज़, पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App डाउनलोड करें।