Trump Tariff: अमेरिका ने भारत से आने वाले सामान पर 25 फीसदी टैरिफ लगाने का प्रस्ताव दिया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने नई ट्रेड पॉलिसी के तहत यह कदम उठाया है। इस प्रस्ताव में भारत समेत 14 देशों को शामिल किया गया है। चीन पर 40% और यूरोपीय यूनियन पर 20% टैरिफ का प्रस्ताव है।
हालांकि, भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील होने पर यह टैरिफ घटकर 17 फीसदी रह सकता है। फिलहाल प्रस्ताव पर लोगों और संबंधित पक्षों से राय ली जाएगी। इसके बाद ही अमेरिकी सरकार अंतिम फैसला करेगी।
भारत पर टैरिफ लगाने की वजह क्या है?
अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) ने मार्च में इस मामले की जांच शुरू की थी। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की गई कि क्या दूसरे देश जरूरत से ज्यादा मैन्युफैक्चरिंग क्षमता और उत्पादन बढ़ा रहे हैं।
अमेरिका का आरोप है कि कई देश बाजार की मांग से ज्यादा सामान बना रहे हैं। इससे वैश्विक बाजार में सप्लाई बढ़ती है और कीमतों पर दबाव पड़ता है। अमेरिकी प्रशासन का मानना है कि इससे वहां के घरेलू उद्योगों को नुकसान पहुंचता है।
अमेरिकी जांच में बैटरी, सीमेंट, केमिकल और प्रोसेस्ड फूड जैसे सेक्टर शामिल हैं। ट्रंप प्रशासन के मुताबिक, जरूरत से ज्यादा उत्पादन होने पर कंपनियां कम कीमत पर सामान बेच सकती हैं। इससे अमेरिकी कंपनियों के लिए मुकाबला करना मुश्किल हो जाता है।
भारत के अलावा यूरोपीय संघ और चीन पर 20 फीसदी तक टैरिफ लगाने का प्रस्ताव है। जापान, दक्षिण कोरिया, वियतनाम, थाईलैंड, ताइवान, बांग्लादेश, इंडोनेशिया, मलेशिया, सिंगापुर, स्विट्जरलैंड और कंबोडिया भी इस लिस्ट में शामिल हैं।
कब से लागू हो सकता है नया टैरिफ?
अमेरिका का प्रस्तावित टैरिफ तुरंत लागू नहीं होगा। पहले इस पर सार्वजनिक चर्चा होगी। प्रभावित देश और कारोबारी पक्ष अपनी राय दे सकेंगे। इसके बाद अमेरिकी प्रशासन अंतिम फैसला लेगा।
एक अमेरिकी अधिकारी के मुताबिक, नया टैरिफ जनवरी में लागू हो सकता है। ट्रंप प्रशासन उन देशों के साथ हुए व्यापार समझौतों को भी ध्यान में रखेगा, जिन्होंने पहले ही अमेरिका के साथ टैरिफ को लेकर बातचीत की है।