Nvidia के CEO जेनसेन हुआंग से जुड़े विवाद के केंद्र में रहीं चीनी बिजनेसवुमन एलिस हुआंग एक नए खुलासे की वजह से फिर सुर्खियों में हैं। Reuters की रिपोर्ट के मुताबिक एलिस हुआंग से जुड़ी कंपनियों ने चीन के बड़े डेटा सेंटरों के लिए करीब 30.1 करोड़ डॉलर के AI कंप्यूटिंग इक्विपमेंट के आधार पर फाइनेंसिंग जुटाई। ये वही एलिस हुआंग हैं, जिनसे रिश्ते की वजह से जेनसेन हुआंग को कुछ समय के लिए इस्तीफा देना पड़ा था।
764 AI सर्वर, 27 करोड़ डॉलर का हार्डवेयर
Reuters ने चीन के सेंट्रल बैंक के जिन दस्तावेजों की पड़ताल की, उनमें 764 तक AI सर्वर और मॉड्यूल दर्ज हैं। इनकी कीमत 27 करोड़ डॉलर है। इनके साथ 3.1 करोड़ डॉलर के नेटवर्किंग इक्विपमेंट भी दर्ज हैं। इस हार्डवेयर का बड़ा हिस्सा शंघाई के एक बड़े AI डेटा सेंटर में लिस्टेड था।
इन रिकॉर्ड्स से पता चलता है कि एलिस हुआंग के परिवार और करीबियों से जुड़े कारोबारों ने चीन की AI इंडस्ट्री को पैसा और इक्विपमेंट जुटाने में मदद की। इसी दौरान अमेरिकी एजेंसियां ये जांच भी कर रही थीं कि क्या एलिस हुआंग की सिंगापुर वाली कंपनी Megaspeed ने चीनी ग्राहकों को Nvidia की प्रतिबंधित टेक्नोलॉजी तक पहुंच दिलाई।
ये फाइनेंसिंग इंतजाम दिखाते हैं कि एडवांस प्रोसेसर पर अमेरिका की बढ़ती पाबंदियों के बीच चीन की टेक कंपनियां महंगे AI कंप्यूटिंग इंफ्रास्ट्रक्चर तक कैसे पहुंच बना रही हैं।
Reuters ने ये भी साफ किया है कि इन रिकॉर्ड्स से ये तय नहीं होता कि सर्वर में वो चिप्स थे या नहीं, जिनका चीन को एक्सपोर्ट बैन है। ये भी साफ नहीं है कि ये इक्विपमेंट चीन कैसे और कब पहुंचे।
सोमवार को ब्लैकलिस्ट हुई Megaspeed
सोमवार को अमेरिकी कॉमर्स डिपार्टमेंट ने Megaspeed को अपनी ट्रेड ब्लैकलिस्ट में डाल दिया। कंपनी ने किसी भी गलत काम से इनकार किया है। उसका कहना है कि एलिस हुआंग अगस्त 2025 में कंपनी छोड़ चुकी थीं।
एलिस हुआंग पहले Megaspeed को कंट्रोल करती थीं, जो विदेश में Nvidia के प्रोसेसर की बड़ी खरीदार रही है। जेनसेन हुआंग के साथ उनके रिश्ते के बाद Nvidia के चीन से कारोबारी जुड़ाव पर नजर और कड़ी हो गई है। जेनसेन हुआंग ने इसी महीने इस्तीफा दिया था, लेकिन 11 दिन बाद उन्हें दोबारा पद पर बहाल कर दिया गया।
Nvidia की क्लाउड पार्टनर Century Litong, बहन और जीजा तक पहुंचे तार
इन फाइनेंसिंग सौदों में Century Litong एक अहम कंपनी के तौर पर सामने आई है। ये Nvidia की प्रेफर्ड क्लाउड पार्टनर है। फाइनेंशियल रिकॉर्ड्स के मुताबिक मई से दिसंबर 2024 के बीच इसके 5 लीजिंग ट्रांजैक्शन हुए। इनमें 512 तक सर्वर शामिल थे, जिनकी कीमत करीब 20 करोड़ डॉलर थी।
इनमें से 4 ट्रांजैक्शन में इक्विपमेंट शंघाई के यांग्त्जी रिवर डेल्टा AI सुपरकंप्यूटिंग सेंटर में दर्ज था। 6.3 अरब डॉलर का ये कॉम्प्लेक्स गेमिंग कंपनी Century Huatong ने तैयार किया है, जिसमें Tencent की करीब 10 फीसदी हिस्सेदारी है।
कॉरपोरेट रिकॉर्ड्स में Century Litong, Century Longteng और Century Huatong के तार एलिस हुआंग की बहन हुआंग यू और उनके पति कांग वेई से जुड़े मिले हैं। कांग वेई एक इन्वेस्टमेंट एग्जीक्यूटिव हैं।
Tencent के एक प्रवक्ता ने साफ किया कि कंपनी ने कभी इस डेटा सेंटर प्रोजेक्ट का मालिकाना हक नहीं रखा और न ही इसे चलाया। उनके मुताबिक Century Huatong में Tencent के निवेश का फोकस गेमिंग बिजनेस पर था।
Reuters ने प्रवक्ता के हवाले से लिखा, "Tencent ने Megaspeed या उसकी किसी भी सब्सिडियरी के साथ कभी कोई कारोबारी एग्रीमेंट नहीं किया और न ही किसी और तरह से उनसे कोई कारोबारी रिश्ता रहा है।"