UltraTech-India Cement डील का दोनों कंपनियों के शेयरों पर क्या होगा असर, जानिए एक्सपर्ट्स की राय

लेटेस्ट अधिग्रहण से India Cement में UltraTech का स्वामित्व 55.49 फीसदी तक बढ़ जाएगा। इस खरीद के लिए अल्ट्राटेक 390 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर 3,954 करोड़ रुपये का भुगतान करेगी। इसके लिए अनिवार्य ओपन ऑफर 390 रुपये प्रति शेयर का रहेगा

अपडेटेड Jul 28, 2024 पर 8:08 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
अल्ट्राटेक सीमेंट के बोर्ड ने इंडिया सीमेंट्स में अतिरिक्त 32.72 फीसदी इक्विटी हिस्सेदारी हासिल करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है।

अल्ट्राटेक सीमेंट (UltraTech India) के बोर्ड ने इंडिया सीमेंट्स (India Cement) में अतिरिक्त 32.72 फीसदी इक्विटी हिस्सेदारी हासिल करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। मार्केट एक्सपर्ट्स को उम्मीद है कि इस लेन-देन का अल्ट्राटेक सीमेंट और इंडिया सीमेंट्स के शेयर की कीमतों पर मामूली असर पड़ेगा। हालांकि उनका मानना ​​है कि यह डील सीमेंट सेक्टर में एक अहम सौदा है। एक्सिस सिक्योरिटीज के उत्तम कुमार श्रीमल ने कहा, "390 रुपये का ऑफर प्राइस मौजूदा बाजार मूल्य से 4 फीसदी अधिक है, इसलिए सोमवार को इंडिया सीमेंट्स के शेयर में कोई खास हलचल होने की संभावना नहीं है, क्योंकि हाल ही में इसमें तेजी आई है।"

UltraTech-India Cement डील पर क्या है एक्सपर्ट्स की राय

उन्होंने आगे कहा, "अल्ट्राटेक सीमेंट की बात करें तो इंडस्ट्री के कंसोलिडेशन से सोमवार को पॉजिटिव ट्रेडिंग नतीजे सामने आएंगे, जिससे अधिग्रहण के बाद इसकी मार्केट लीडर स्टेटस की पुष्टि होगी।" इंडिपेंडेंट एनालिस्ट अंबरीश बालिगा ने कहा कि अल्ट्राटेक में निवेश करना शॉर्ट टर्म ट्रेडिंग के बजाय लॉन्ग टर्म गेन के लिए उचित है। उन्होंने इस तथ्य पर प्रकाश डाला कि अल्ट्राटेक सीमेंट द्वारा इंडिया सीमेंट्स का अधिग्रहण और अदाणी द्वारा अंबुजा सीमेंट्स और एसीसी का अधिग्रहण जैसी घटनाएं स्पष्ट रूप से दर्शाते हैं कि इंडस्ट्री कंसोलिडेशन चल रहा है।


सीमेंट इंडस्ट्री पर होगा दो-तीन कंपनियों का दबदबा

बालिगा ने कहा, “इस ट्रेंड से पता चलता है कि सीमेंट इंडस्ट्री पर जल्द ही दो से तीन बड़ी कंपनियों का दबदबा हो जाएगा, जिससे छोटी कंपनियों के लिए कंपटीशन करना मुश्किल हो जाएगा और संभवतः उनका अधिग्रहण हो जाएगा। चल रहे इन्फ्रॉस्ट्रक्चर और रियल एस्टेट डेवलपमेंट के साथ सीमेंट की मांग में वृद्धि जारी रहेगी। चूंकि ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट्स को पूरा होने में 30 महीने से अधिक का समय लगता है, इसलिए छोटे प्लेयर्स का अधिग्रहण कच्चा माल जल्दी हासिल करने के लिए एक रणनीतिक कदम है।"

लेटेस्ट अधिग्रहण से इंडिया सीमेंट्स में अल्ट्राटेक सीमेंट का स्वामित्व 55.49 फीसदी तक बढ़ जाएगा। इस खरीद के लिए अल्ट्राटेक 390 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर 3,954 करोड़ रुपये का भुगतान करेगी। इसके लिए अनिवार्य ओपन ऑफर 390 रुपये प्रति शेयर का रहेगा। अल्ट्राटेक की पहले से इंडिया सीमेंट्स में 22.77 प्रतिशत हिस्सेदारी है। कंपनी ने यह हिस्सेदारी इस साल जून में दिग्गज निवेशक और एवेन्यू सुपरमार्ट्स के फाउंडर राधाकिशन दमानी और संबंधित एंटिटीज से ब्लॉक डील में 268 रुपये प्रति शेयर के एवरेज प्राइस पर खरीदी थी।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।