Liquor Stocks: यूनाइटेड ब्रुअरीज और यूनाइटेड स्पिरिट्स के शेयरों में आज 6 मार्च को तेज खरीदारी देखने को मिली। कर्नाटक सरकार के बजट में नई आबकारी नीति के ऐलान के बाद इन दोनों शराब कंपनियों के शेयरों में तेजी दिखी। कारोबार के दौरान यूनाइटेड स्पिरिट्स का शेयर करीब 7 प्रतिशत तक उछल गया। वहीं यूनाइटेड ब्रुअरीज में भी 3 प्रतिशत से अधिक की उछाल देखी गई।
दोपहर के कारोबार में यूनाइटेड स्पिरिट्स का शेयर लगभग 7 प्रतिशत चढ़कर 1,412.9 रुपये के आसपास कारोबार कर रहा था। वहीं यूनाइटेड ब्रुअरीज का शेयर करीब 3.3 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,705 रुपये के करीब पहुंच गया।
नई पॉलिसी से कंपनियों को राहत
सरकार ने कीमतों की संरचना को भी सरल बनाने का फैसला किया है। पहले जहां शराब के लिए 16 प्राइस कैटेगरी थीं, वहीं अब उन्हें घटाकर आठ कर दिया गया है।
‘अल्कोबियर टूरिज्म’ को बढ़ावा
राज्य सरकार ने बजट में ‘अल्कोबियर टूरिज्म’ को बढ़ावा देने की भी योजना पेश की है। इसके तहत डिस्टिलरी और ब्रुवरी कंपनियों को अपने परिसरों में पर्यटकों के लिए टेस्टिंग सेशन आयोजित करने और सीधे उत्पाद बेचने की अनुमति दी जाएगी। इस कदम से पर्यटन और शराब इंडस्ट्री दोनों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
इंडस्ट्री का पॉजिटिव बयान
यूनाइटेड ब्रुअरीज ने इस फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह सही दिशा में उठाया गया एक प्रगतिशील कदम है। हालांकि कंपनी अभी इस पॉलिसीसे जुड़े और विस्तृत डिटेल का इंतजार कर रही है।
ब्रोकरेज फर्म नुवामा के एनालिस्ट, बनीश रॉय ने कहा कि पहली नजर में यह फैसला इंडस्ट्री के लिए काफी पॉजिटिव दिखता है। कर्नाटक देश के सबसे बड़े शराब उपभोग वाले राज्यों में से एक है और यहां इंडियन मेड फॉरेन लिकर(IMFL) की कुल खपत का लगभग 15 प्रतिशत हिस्सा आता है।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने इंडस्ट्री को नए बदलावों के मुताबिक एडजस्ट होने के लिए पर्याप्त समय दिया है, जिससे बाजार में अचानक किसी प्रकार का व्यवधान नहीं होगा।
ब्रोकरेज की ‘Buy’ रेटिंग बरकरार
नुवामा ने यूनाइटेड स्पिरिट्स, यूनाइटेड ब्रुअरीज और एलाइड ब्लेंडर्स जैसे शराब सेक्टर से जुड़े शेयरों पर अपनी ‘बाय’ रेटिंग बरकरार रखी है।
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।