Urban Company में जबरदस्त बिकवाली, Q4 में घाटा 57 गुना बढ़ने से शेयर 9% लुढ़का

Urban Company Share Price: मार्च 2026 तिमाही के दौरान एडजस्टेड EBITDA लॉस 119 करोड़ रुपये रहा। वित्त वर्ष 2025-26 के लिए घाटा लगभग 235 करोड़ रुपये रहा। अर्बन कंपनी भारत, UAE, सिंगापुर और सऊदी अरब में एक मल्टी कैटेगरी होम सर्विस प्लेटफॉर्म के तौर पर काम करती है

अपडेटेड May 11, 2026 पर 4:24 PM
Story continues below Advertisement
Urban Company 17 सितंबर 2025 को ​लिस्ट हुई थी।

11 मई को शेयर बाजार में जबरदस्त गिरावट के बीच होम सर्विसेज देने वाली अर्बन कंपनी के शेयरों में भी 11 प्रतिशत तक की बड़ी गिरावट देखी गई। BSE पर शेयर की कीमत 124.50 रुपये के लो तक गई। बाद में शेयर लगभग 9.6 प्रतिशत गिरावट के साथ 126.20 रुपये पर बंद हुआ। इसकी एक अहम वजह है कंपनी का घाटा बढ़ना। जनवरी-मार्च 2026 तिमाही के दौरान अर्बन कंपनी का शुद्ध कंसोलिडेटेड घाटा लगभग 57 गुना बढ़कर 161 करोड़ रुपये हो गया। इसकी मुख्य वजह नई सर्विस InstaHelp में किया गया निवेश है। यह वर्टिकल बुकिंग के 10–15 मिनट के अंदर सफाई, बर्तन धोने, कपड़े धोने और खाना बनाने के लिए लोग मुहैया कराने जैसी सर्विसेज देता है।

एक साल पहले मार्च तिमाही में अर्बन कंपनी का घाटा 2.84 करोड़ रुपये था। कंपनी ने शुक्रवार, 8 मई को वित्तीय नतीजे जारी किए थे, जिन पर निवेशकों की प्रतिक्रिया आज, सोमवार को सामने आ रही है। मार्च 2026 तिमाही के दौरान एडजस्टेड EBITDA लॉस 119 करोड़ रुपये रहा। ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू लगभग 43 प्रतिशत बढ़कर 425.56 करोड़ रुपये हो गया, जो मार्च 2025 तिमाही में 298.45 करोड़ रुपये था।

वित्त वर्ष 2025-26 के लिए Urban Company का घाटा लगभग 235 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले कंपनी 239.76 करोड़ रुपये के मुनाफे में थी। ऑपरेशंस से रेवेन्यू लगभग 36 प्रतिशत बढ़कर 1,555.54 करोड़ रुपये हो गया।


Urban Company का शेयर एक सप्ताह में 17 प्रतिशत ​कमजोर

अर्बन कंपनी का मार्केट कैप 19400 करोड़ रुपये है। शेयर एक सप्ताह में 17 प्रतिशत नीचे आया है। कंपनी 17 सितंबर 2025 को ​लिस्ट हुई थी। इसका IPO 1,900.24 करोड़ रुपये का था। अर्बन कंपनी भारत, UAE, सिंगापुर और सऊदी अरब में एक मल्टी कैटेगरी होम सर्विस प्लेटफॉर्म के तौर पर काम करती है। कंपनी के प्रमोटर अभिराज सिंह बहल, राघव चंद्रा और वरुण खेतान हैं। इसके प्लेटफॉर्म पर क्लीनिंग, प्लंबिंग, इलेक्ट्रिक वर्क, अप्लायंसेज रिपेयर, ब्यूटी ट्रीटमेंट और मसाज थेरेपी जैसी सर्विसेज मिलती हैं।

आने वाली तिमाहियों में दिखेगा और घाटा

अर्बन कंपनी के फाउंडर और CEO अभिराज सिंह बहल का कहना है कि आने वाली तिमाहियों में भी घाटा ज्यादा बना रहेगा, क्योंकि कंपनी अपनी लीडरशिप को और मजबूत बनाने के लिए निवेश कर रही है। इसके अलावा वित्त वर्ष 2027-28 की तीसरी तिमाही यानि कि अक्टूबर-दिसंबर 2027 तक कंसोलिडेटेड एडजस्टेड EBITDA में ब्रेकइवन (न नफा, न नुकसान) हासिल करने का लक्ष्य है। वित्त वर्ष 2031 तक एडजस्टेड EBITDA को 1,000 करोड़ रुपये तक पहुंचाने का प्लान है।

CMS Info Systems का शेयर खुलते ही 10% तक उछला, HDFC Bank से मिले ₹400 करोड़ के ऑर्डर का दिखा असर

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।