USFDA के रडार पर Dabur: सिलवासा प्लांट के प्रोडक्ट्स पर इंपोर्ट अलर्ट, क्या बढ़ेगी निवेशकों की चिंता?

Dabur India Share Price: कंपनी ने कहा कि पहचानी गई कमियों को दूर करने के लिए जरूरी सुधारात्मक उठाए जा रहे हैं और रोकथाम संबंधी एक्शन प्लान पर काम हो रहा है। साथ ही जमीनी स्तर पर भी ठोस और सक्रिय कदम उठाए जा रहे हैं

अपडेटेड Jun 12, 2026 पर 4:06 PM
Dabur India ने कहा कि उसने कोई उल्लंघन नहीं किया है और न ही ऐसा कोई आरोप है कि उल्लंघन हुआ है।

पर्सनल केयर सेक्टर की कंपनी डाबर इंडिया के सिलवासा प्लांट में बनी दवाओं पर यूनाइटेड स्टेट्स फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (USFDA) ने इंपोर्ट अलर्ट जारी किया है। कंपनी का कहना है कि घरेलू उत्पाद इस आदेश के दायरे में नहीं आते हैं और न ही उन पर इसका कोई असर पड़ा है। USFDA के अलर्ट के बावजूद डाबर इंडिया के शेयर में तेजी रही। यह BSE पर 1 प्रतिशत बढ़त के साथ 426.70 रुपये पर बंद हुआ।

कंपनी ने शेयर बाजारों को USFDA के इंपोर्ट अलर्ट के बारे में पूरी डिटेल दी है। बताया है कि USFDA ने दादरा एंड नागर हवेली के सिलवासा में स्थित कंपनी के मैन्युफैक्चरिंग प्लांट का निरीक्षण (इंस्पेक्शन) किया था। इस दौरान डेटा इंटीग्रिटी और मेंटेनेंस में कमियां पाई गईं। निरीक्षण पूरा होने पर कंपनी को निरीक्षण से जुड़ी बातें (ऑब्जर्वेशन) बताई गईं, जिनका उचित जवाब USFDA को दे दिया गया था।

अब अथॉरिटी के ऑब्जर्वेशंस, डाबर इंडिया के जवाबों और एस्टेब्लिशमेंट इंस्पेक्शन रिपोर्ट (EIR) की समीक्षा (रिव्यू) के बाद USFDA ने 10 जून, 2026 को कंपनी के उस प्लांट में बनी दवाओं के लिए इंपोर्ट अलर्ट (IA) 66-40 जारी किया है। एक्सचेंज फाइलिंग में डाबर इंडिया ने कहा कि उसने कोई उल्लंघन नहीं किया है और न ही ऐसा कोई आरोप है कि उल्लंघन हुआ है।


कंपनी का कहना है कि USFDA के इंपोर्ट अलर्ट का कंपनी की वित्तीय, ऑपरेशनल या अन्य गतिविधियों पर कोई असर नहीं पड़ा है। यह आदेश सिलवासा स्थित मैन्युफैक्चरिंग प्लांट के सिर्फ एक छोटे से हिस्से से जुड़ा है। यह हिस्सा प्राइवेट लेबल प्रोडक्ट्स से संबंधित है और जिससे कंपनी को बहुत कम रेवेन्यू मिलता है। घरेलू उत्पाद इस आदेश के दायरे में नहीं आते हैं और न ही उन पर इसका कोई असर पड़ा है।

डाबर इंडिया ने क्या दिलाया विश्वास

कंपनी ने यह भी कहा कि सिलवासा प्लांट अभी भी चालू है। कंपनी USFDA अथॉरिटी के साथ लगातार संपर्क में है। पहचानी गई कमियों को दूर करने के लिए जरूरी सुधारात्मक उठाए जा रहे हैं और रोकथाम संबंधी एक्शन प्लान पर काम हो रहा है। साथ ही जमीनी स्तर पर भी ठोस और सक्रिय कदम उठाए जा रहे हैं। इसके अलावा, कई इंटरनल और एक्सटर्नल इंडिपेंडेंट थर्ड-पार्टी टेस्टिंग से पता चला है कि कंपनी के किसी भी उत्पाद में कोई खराबी या अन्य कोई समस्या नहीं है। डाबर इं​डिया का कहना है कि वह अपने प्रोडक्ट्स की क्वालिटी और ग्राहकों की सुरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। यह भी कहा कि वह अमेरिकी ग्राहकों के लिए वैकल्पिक सोर्सिंग रणनीतियां लागू करने के लिए प्रभावी कदम उठा रही है।

Dabur India शेयर एक महीने में 10 प्रतिशत कमजोर

कंपनी का मार्केट कैप 75600 करोड़ रुपये से ज्यादा है। शेयर की फेस वैल्यू 1 रुपये है। यह BSE 200 इंडेक्स का हिस्सा है। डाबर इंडिया में मार्च 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 66.25 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर एक महीने में 10 प्रतिशत गिरा है। मई महीने में ब्रोकरेज प्रभुदास लीलाधर ने शेयर के लिए 'होल्ड' रेटिंग के साथ 491 रुपये प्रति शेयर का टारगेट प्राइस दिया था। मोतीलाल ओसवाल ने 'होल्ड' रेटिंग के साथ 475 रुपये का टारगेट सेट किया था।

कंपनी देने वाली है 5.50 रुपये का डिविडेंड

कंपनी का जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में स्टैंडअलोन बेसिस पर रेवेन्यू 2,131.71 करोड़ रुपये रहा। इस बीच शुद्ध मुनाफा 295.63 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। पूरे वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान कंपनी का स्टैंडअलोन रेवेन्यू 9,383.38 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 1,491.12 करोड़ रुपये रहा। डाबर इंडिया वित्त वर्ष 2026 के लिए शेयरहोल्डर्स को 5.50 रुपये प्रति शेयर का फाइनल डिविडेंड दे रही है। रिकॉर्ड डेट 17 जुलाई है। डिविडेंड पर 6 अगस्त को कंपनी की सालाना आम बैठक में शेयरहोल्डर्स की मंजूरी ली जाएगी। मंजूरी मिलने पर पेमेंट 4 सितंबर को या उससे पहले कर दिया जाएगा।

Bosch के शेयर में है बहुत जान, UBS ने 'सेल' से सीधा 'बाय' कर दी रेटिंग; कीमत 5% तक उछली

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।