US Market Crash: बुल्स की पकड़ से निकला मार्केट? शुक्रवार को 950 प्वाइंट्स टूट गया डाऊ जोन्स

US Market Crash: शुक्रवार को अमेरिकी मार्केट में ऐसा कोहराम मचा कि एक बार तो यह बुल्स की पकड़ से पूरी तरह निकलकर बेयर फेज में चला गया। एनवीडिया (Nvidia) के शेयर 14% टूट गए तो एंथ्रॉपिक (Anthropic) के आईपीओ निवेशकों का पूरा लिस्टिंग गेन गायब होते-होते बचा। चेक करें अमेरिकी मार्केट की स्थिति और अभी कितना ब्लडबाथ बाकी है

अपडेटेड Nov 21, 2026 पर 12:19 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
अमेरिकी मार्केट में शुक्रवार को बिकवाली की आंधी में चिप बनाने वाली कंपनियों और सॉफ्टवेयर कंपनियों के शेयरों को सबसे अधिक झटका लगा।

US Market Crash: एआई सेक्टर में जारी बिकवाली के कारण अमेरिकी शेयर बाजार में शुक्रवार को कोहराम मच गया। डाऊ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज (Dow Jones Industrial Average) 950 प्वाइंट्स और गिर गया और इसके साथ ही इस हफ्ते इसकी कुल गिरावट 4,100 प्वाइंट्स तक पहुंच गई। अमेरिकी इक्विटी मार्केट का एक और अहम बेंचमार्क इंडेक्स एसएंडपी 500 (S&P 500) भी शुक्रवार को 3.7% फिसल गया, जबकि नैस्डेक कंपोजिट (Nasdaq Composite) और नैस्डैक 100 (Nasdaq 100), दोनों में 5.5% से अधिक की गिरावट आई।

नैस्डैक 100 की बात करें तो शुक्रवार को 5.6% गिरने के बाद यह मार्च 2020 के बाद अपने सबसे खराब सप्ताह की तरफ बढ़ चला। इंट्रा-डे में तो यह अपने हालिया रिकॉर्ड हाई लेवल से 20% से अधिक नीचे लगा गया था, जिससे कुछ समय के लिए यह बेयर मार्केट में फंस गया। 8% की साप्ताहिक गिरावट के साथ डाऊ जोन्स(Dow Jones) के लिए भी यह हफ्ता मार्च 2020 के बाद सबसे खराब साबित हुआ। एसएंडपी 500 के लिए यह हफ्ता अप्रैल 2025 के बाद सबसे बुरा साबित हुआ।

Nvidia धडाम, Anthropic की तेजी भी पड़ी फीकी


शुक्रवार को बिकवाली की आंधी में चिप बनाने वाली कंपनियों और सॉफ्टवेयर कंपनियों के शेयरों को सबसे अधिक झटका लगा। एनवीडिया के शेयर 14% तो एएमडी (AMD) के शेयर 13% टूट गए। कोरवीव के शेयर 12% और नेबियस ग्रुप के शेयर 16% फिसले तो माइक्रोन (Micron), सैनडिस्क (Sandisk) और वेस्टर्न डिजिटल में भी 12%-16% तक की गिरावट आई।

एनवीडिया के शेयर इस हफ्ते 22% नीचे आ गए। इसमें लगातार सातवें सप्ताह गिरावट आई है। ऐसा आखिरी बार साल 2008 के आर्थिक संकट के दौरान हुआ था।

वहीं दुनिया का सबसे बड़ा आईपीओ लाने वाली एंथ्रॉपिक को तो ऐसा झटका लगा कि एक बार यह फिसलकर आईपीओ प्राइस के करीब आ गया। इसके शेयर गुरुवार को $83 के इश्यू प्राइस से 34% प्रीमियम पर लिस्ट हुए थे, लेकिन अगले ही दिन लिस्टिंग गेन घटकर 17% रह गई। शुक्रवार को शेयरों में 8.5% की और गिरावट आई और $88.91 पर बंद हुए।

थम गया गिरावट का दौर या अभी और मचेगा कोहराम?

सीएनबीसी पर अमेरिकी टेक्निकल एनालिस्ट जोनाथन क्रिंस्की (Jonathan Krinsky) का कहना है कि मौजूदा टेक्निकल सिग्नल से मार्केट की बिकवाली खत्म होने का संकेत नहीं मिल रहा है। जोनाथन का कहना है कि अभी दुनिया की सबसे वैल्यूएबल कंपनी एपल के शेयर अपने रिकॉर्ड हाई से 3-4% नीचे हैं, और जब भी एसएंडपी 500 अपने हाई से 8% या उससे अधिक गिरा है, एपल में औसतन 23% तक की गिरावट आई है यानी कि अभी एपल का शेयर और टूट सकता है।

हालांकि उनका यह भी कहना है कि एसएंडपी 500 के आधे से अधिक शेयर अब भी 50-दिनों के मूविंग एवरेज से ऊपर बने हुए हैं,जबकि एसएंडपी 500 ने जब लंबे समय तक बॉटम बनाया था तो ऐसे स्टॉक्स की संख्या 40% या उससे भी कम, यहां तक 20% से भी कम थी। ऐसे में निवेशकों की नजर अब आने वाले दिनों में एआई स्टॉक्स, फेड की नीतियों और बाजार की अस्थिरता पर रहेगी।

BitCoin Crash: 2 वजह, $56000 के नीचे बिटकॉइन, रिकॉर्ड हाई से 56% की भारी गिरावट

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।