अमेरिकी शेयर बाजारों में लगातार तीसरे ट्रेडिंग सेशन में गिरावट है। निवेशक डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के आक्रामक टैरिफ उपायों के कारण वैश्विक बाजार में गिरावट और ट्रेड वॉर के गहराने के डर से परेशान हैं। अमेरिका के रेसिप्रोकल टैरिफ पर अन्य देशों की ओर से जवाबी कार्रवाई के ऐलान के बाद भी व्हाइट हाउस अपने फैसले पर अड़ा हुआ है। हालांकि अमेरिकी शेयर बाजार खुलने के तुरंत बाद ही कुछ समय के लिए हरे निशान में पहुंच गए, जिससे डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज पॉजिटिव जोन में आ गया।
CNBC के मुताबिक, डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 705 अंक या 1.7%, S&P 500 2.9% और नैस्डैक कंपोजिट 2.6% तक चढ़ा। कहा जा रहा है कि इसकी वजह वह खबर रही, जिसमें कहा गया कि व्हाइट हाउस के इकोनॉमिक एडवायजर केविन हैसेट ने एक इंटरव्यू में कहा है कि ट्रंप चीन को छोड़कर अन्य देशों के लिए टैरिफ पर 90 दिन की रोक लगाने पर विचार कर रहे हैं। लेकिन CNBC के मुताबिक, व्हाइट हाउस का कहना है कि टैरिफ पर 90-दिन की रोक की बात एक "फर्जी खबर" है। इसके बाद तीनों प्रमुख एवरेज फिर से गिर गए।
रॉयटर्स के मुताबिक, अमेरिकी समयानुसार सुबह 10.39 बजे तक S&P 500 में 115.21 या 2.27% की गिरावट आई है और यह 4,958.87 पर आ गया। यह इंडेक्स फरवरी में दर्ज किए गए अपने रिकॉर्ड हाई से 18% नीचे चल रहा है। डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 996.97 अंक या 2.60% गिरकर 37,317.89 पर आ गया है। पिछले सप्ताह इसने पहली बार बैक टू बैक 1,500 अंकों की गिरावट देखी। नैस्डैक कंपोजिट में 320.20 अंक या 2.06% की गिरावट आई है और यह 15,266.70 पर आ गया है।
डॉव जोन्स और नैस्डैक की 2024 की बढ़त खत्म
अमेरिकी बाजारों में लगातार तीसरे दिन गिरावट से डॉव जोन्स और नैस्डैक कंपोजिट की पिछले साल की बढ़त खत्म हो गई है। पिछले साल डॉव 4,855 अंक बढ़ा था और नैस्डैक 4,299 अंक चढ़ा था। इस साल डॉव अब तक 13%, नैस्डैक 23% गिर चुका है। S&P 500 में इस साल अब तक 17% की गिरावट आई है। यह अपनी 2024 की बढ़त को खत्म करने से लगभग 100 अंक दूर है। अमेरिकी बाजार में शुक्रवार को तेज गिरावट आई थी। S&P 500, 5.97 प्रतिशत नीचे आया। वहीं नैस्डेक कंपोजिट 5.82 प्रतिशत और डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 5.50 प्रतिशत नुकसान में रहे।