Utkal Speciality IPO Listing: अलग-अलग तरह के ग्राहकों की जरूरतों के हिसाब से काम की चीजें और दिखने में आकर्षक चीजें बनाने वाली उत्कल स्पेशल्टी के शेयरों की आज NSE SME पर फ्लैट एंट्री हुई। इसके आईपीओ को निवेशकों का मिला-जुला रिस्पांस मिला था और हर कैटेगरी का आरक्षित हिस्सा पूरा भर नहीं पाया था। आईपीओ के तहत ₹66 के भाव पर शेयर जारी हुए हैं। आज NSE SME पर इसकी ₹66.00 पर ही एंट्री हुई यानी कि आईपीओ निवेशकों को कोई लिस्टिंग गेन नहीं मिला। आईपीओ निवेशकों को और झटका तब लगा, जब शेयर टूट गए। टूटकर यह ₹62.70 (Utkal Speciality Share Price) के लोअर सर्किट पर आ गया और इसी पर बंद भी हुआ यानी कि पहले कारोबारी दिन की समाप्ति पर आईपीओ निवेशक 5% घाटे में हैं।
Utkal Speciality IPO के पैसे कैसे होंगे खर्च
उत्कल स्पेशल्टी का ₹35 करोड़ का आईपीओ सब्सक्रिप्शन के लिए 10-12 जून तक खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों का मिला-जुला रिस्पांस मिला था और ओवरऑल यह 1.60 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए आरक्षित हिस्सा 1.12 गुना (एक्स-एंकर), नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का हिस्सा 0.89 गुना और खुदरा निवेशकों का हिस्सा 2.10 गुना भरा था। इस आईपीओ के तहत ₹10 की फेस वैल्यू वाले 52.34 लाख नए शेयर जारी हुए हैं। इन शेयरों के जरिए जुटाए गए पैसों में से ₹7.35 करोड़ एलएमएस में नई फीचर्स, नए प्रोडक्ट्स औ कोर्सेज और लैपटॉप की खरीदारी में, ₹5 करोड़ वर्किंग कैपिटल की जरूरतों और बाकी पैसे आम कॉरपोरेट उद्देश्यों पर खर्च होंगे।
Utkal Speciality के बारे में
उत्कल स्पेशल्टी इंडस्ट्रीज इंडिया पेपर वाले प्रोडक्ट्स और पैकेजिंग मैटेरियल्स बनाती है। कंपनी अलग-अलग तरह के ग्राहकों की जरूरतों के हिसाब से काम की चीजें और दिखने में आकर्षक चीजें बनाती है। इसके ग्राहक छोटे मैन्युफैक्चरर्स से लेकर रिटेलर्स तक शामिल हैं।
कंपनी के वित्तीय सेहत की बात करें तो वित्त वर्ष 2023 में इसे ₹2.21 करोड़ का शुद्ध मुनाफा हुआ था जो अगले वित्त वर्ष 2024 में उछलकर ₹3.24 करोड़ और फिर वित्त वर्ष 2025 में ₹6.68 करोड़ पर पहुंच गया। हालांकि इस दौरान कंपनी की टोटल इनकम में उठा-पटक दिखी और वित्त वर्ष 2023 में ₹46.23 करोड़ और वित्त वर्ष 2024 में ₹44.15 करोड़ से वित्त वर्ष 2025 में ₹50.28 करोड़ पर पहुंच गई। पिछले वित्त वर्ष 2026 की बात करें तो अप्रैल-दिसंबर 2025 में कंपनी को ₹5.48 करोड़ का शुद्ध मुनाफा और ₹40.90 करोड़ का टोटल इनकम हासिल हुआ था। दिसंबर 2025 तिमाही के आखिरी में कंपनी पर ₹17.16 करोड़ का टोटल कर्ज था जबकि रिजर्व और सरप्लस में ₹12.82 करोड़ पड़े थे।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।