Varun Beverages के शेयर 6% लुढ़के, बेहतर नतीजों के बावजूद गिरावट की क्या है वजह?

Varun Beverages ने कहा कि उसका रेवेन्यू दूसरी तिमाही में 28.3 फीसदी बढ़कर 7196.86 करोड़ रुपये हो गया, जबकि एक साल पहले इसी तिमाही में यह 5611.40 करोड़ रुपये था। वरुण बेवरेजेज ने कहा कि मुनाफे में वृद्धि वॉल्यूम ग्रोथ और बेहतर मार्जिन की वजह से हुई

अपडेटेड Jul 30, 2024 पर 3:13 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
वरुण बेवरेजेज के शेयरों में आज 30 जुलाई को 6 फीसदी की गिरावट आई है।

वरुण बेवरेजेज (Varun Beverages) के शेयरों में आज 30 जुलाई को 6 फीसदी की गिरावट आई है। इस समय यह स्टॉक BSE पर 5.44 फीसदी की बढ़त के साथ 1592.15 रुपये के भाव पर ट्रेड कर रहा है। कंपनी ने आज जून तिमाही के नतीजे जारी किए हैं, जिसके बाद इसके शेयरों में बिकवाली हो रही है। कैलेंडर ईयर के हिसाब से दूसरी तिमाही में कंपनी का प्रॉफिट ऑफ्टर टैक्स 25.5 फीसदी बढ़कर 1261.83 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले साल इसी तिमाही में यह 1,005.42 करोड़ रुपये था। वरुण बेवरेजेज ने कहा कि मुनाफे में वृद्धि वॉल्यूम ग्रोथ और बेहतर मार्जिन की वजह से हुई।

Varun Beverages का रेवेन्यू भी 28.3% बढ़ा, फिर क्यों लुढ़के शेयर?

अमेरिका के बाहर दुनिया में पेप्सिको की सबसे बड़ी फ्रेंचाइजी Varun Beverages ने कहा कि उसका रेवेन्यू दूसरी तिमाही में 28.3 फीसदी बढ़कर 7196.86 करोड़ रुपये हो गया, जबकि एक साल पहले इसी तिमाही में यह 5611.40 करोड़ रुपये था। कंपनी को इस तिमाही में नेट प्रॉफिट में 25-43 फीसदी की वृद्धि और बिक्री में 25-35 फीसदी की वृद्धि की उम्मीद थी।


अब सवाल यह है कि बेहतर नतीजों के बावजूद कंपनी के शेयरों में गिरावट की वजह क्या है? दरअसल, इसकी वजह स्टॉक स्प्लिट का ऐलान है। कंपनी के इस फैसले की वजह से इसके शेयर सस्ते होने वाले हैं। एक साल से थोड़े ज्यादा समय में यह दूसरी बार है जब कंपनी स्टॉक स्प्लिट करने जा रही है।

Varun Beverages के स्टॉक स्प्लिट से जुड़ी डिटेल

वरुण बेवरेजेज ने एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि आज आयोजित बैठक में बोर्ड ने मौजूदा इक्विटी शेयरों के सब-डिवीजन/स्प्लिट को मंजूरी दे दी। कंपनी ने ₹5 की फेस वैल्यू वाले एक इक्विटी शेयर को ₹2 फेस वैल्यू वाले शेयरों में विभाजित करने का निर्णय लिया है। हालांकि, यह शेयर स्प्लिट कंपनी के इक्विटी शेयरधारकों की मंजूरी के अधीन है। वरुण बेवरेजेज ने इस स्टॉक स्प्लिट में शेयरधारकों की भागीदारी की पात्रता तय करने के लिए रिकॉर्ड डेट की घोषणा नहीं की। कंपनी ने कहा कि रिकॉर्ड डेट की घोषणा सही समय में की जाएगी।

Varun Beverages ने किया डिविडेंड का ऐलान

Varun Beverages ने स्टॉक स्प्लिट के अलावा हर शेयर पर 1.25 रुपये के डिविडेंड की भी घोषणा की है। 13 अगस्त 2024 से अंतरिम डिविडेंड का भुगतान उन शेयरधारकों को किया जाएगा, जिनका नाम कंपनी के सदस्यों के रजिस्टर में या डिपॉजिटरी द्वारा बनाए गए बेनिफिशियल ओनर्स की सूची में 9 अगस्त 2024 तक दर्ज है। वरुण बेवरेजेज ने कहा कि टैटल कैश आउटफ्लो 162.43 करोड़ रुपये होगा।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।