Vedanta Share Price: माइनिंग सेक्टर की कंपनी वेदांता अपने कारोबार को 6 हिस्सों में बांटने की योजना बना रही है। अरबपति अनिल अग्रवाल की अगुआई वाली कंपनी ने इस मेगा डीमर्जर के लिए भारतीय स्टेट बैंक (SBI) सहित अपने 75% लेंडर्स से मंजूरी हासिल कर ली है। इस बीच ब्रोकरेज फर्म इस शेयर पर बुलिश नजर आ रहे हैं। बीते शुक्रवार को यह स्टॉक 1.50 फीसदी की बढ़ते के साथ 428.70 रुपये के भाव पर बंद हुआ है। इस तेजी के साथ कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर 1.67 लाख करोड़ रुपये हो गया है। इसका 52-वीक हाई 506.85 रुपये और 52-वीक लो 207.85 रुपये है।
कहां तक पहुंची Vedanta के डीमर्जर की प्रक्रिया?
Vedanta के एक सीनियर अधिकारी ने मंगलवार को कहा कि कंपनी ने लेंडर्स से मंजूरी मिलने के बाद नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (NCLT) के सामने डीमर्जर स्कीम दायर की है। कंपनी को उम्मीद है कि इस साल के अंत तक डीमर्जर की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। वेदांता अब डीमर्जर के लिए ट्रिब्यूनल और अन्य रेगुलेटर्स से मंजूरी का इंतजार करेगी।
डीमर्जर के बाद इन 6 कंपनियों में बंट जाएगी Vedanta
वेदांता के इस डीमर्जर के बाद 6 स्वतंत्र कंपनियां बनेंगी, जिनमें वेदांता एल्युमिनियम, वेदांता ऑयल एंड गैस, वेदांता पावर, वेदांता स्टील एंड फेरस मटीरियल्स, वेदांता बेस मेटल्स और वेदांता लिमिटेड शामिल हैं। वहीं, मौजूदा जिंक और नए इनक्यूबेटेड बिजनेस वेदांता लिमिटेड के अधीन रहेंगे। डीमर्जल प्लान के तहत वेदांता के प्रत्येक शेयर के बदले शेयरधारकों को पांच नई लिस्टेड कंपनियों में से प्रत्येक का एक शेयर मिलेगा।
कैसे रहे Vedanta के तिमाही नतीजे
वेदांता ने हाल ही में FY25 की पहली तिमाही के नतीजे जारी किए हैं। अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 54 प्रतिशत बढ़कर 5,095 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले यह 3,308 करोड़ रुपये था। इसके अलावा, जून 2024 तिमाही में Vedanta का ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 5.6 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 35,239 करोड़ रुपये रहा, जो जून 2023 तिमाही में 33,342 करोड़ रुपये था। जून 2024 तिमाही में कुल खर्च घटकर 30,772 करोड़ रुपये पर आ गए। जून 2023 तिमाही में खर्च 31,973 करोड़ रुपये के रहे थे।
Vedanta पर क्या कहते हैं ब्रोकरेज फर्म
ब्रोकरेज फर्म सेंट्रम ब्रोकिंग ने वेदांता के शेयरों के लिए FY26 SoTP के आधार पर 478 रुपये के टारगेट प्राइस के साथ अपनी BUY रेटिंग को बरकरार रखा है। इस हिसाब से कंपनी के शेयरों में करीब 11 फीसदी की तेजी की संभावना बन रही है। दूसरी ओर, एंटीक स्टॉक ब्रोकिंग ने इस स्टॉक के लिए होल्ड रेटिंग के साथ SoTP-बेस्ड टारगेट प्राइस को 457 रुपये पर बनाए रखा है। इस साल अब तक कंपनी के शेयरों में 67 फीसदी की तेजी आ चुकी है।