Vijay Kedia Portfolio: विजय केडिया के दो स्टॉक्स 40% तक डाउन, जानिए निवेशकों को क्यों रखनी चाहिए नजर
Vijay Kedia Portfolio: विजय केडिया के पोर्टफोलियो के दो स्टॉक्स पिछले छह महीनों में 35 से 40 प्रतिशत तक गिर चुके हैं। इसके बावजूद केडिया इन कंपनियों में बने हुए हैं, जिससे निवेशकों की नजर इन स्टॉक्स पर बनी हुई है। जानिए डिटेल।
विजय केडिया ने मार्च 2024 की तिमाही में Global Vectra Helicorp को अपने पोर्टफोलियो में जोड़ा था।
Vijay Kedia Portfolio: विजय केडिया उन निवेशकों में हैं, जो बाजार के शोर से ज्यादा कंपनी के लंबे समय के संभावित भविष्य पर भरोसा करते हैं। उनकी निवेश रणनीति SMILE पर आधारित है। SMILE का मतलब है Small in Size, Medium in Experience, Large in Aspiration और Extra Large in Market Potential। यानी ऐसी कंपनियां जो अभी छोटी हों, अनुभव रखती हों, बड़े लक्ष्य रखती हों और जिनका बाजार बहुत बड़ा हो सकता हो।
दिलचस्प बात यह है कि उनके पोर्टफोलियो के दो पसंदीदा स्टॉक्स पिछले छह महीनों में 35 प्रतिशत से ज्यादा गिर चुके हैं। आम निवेशक ऐसी गिरावट देखकर स्टॉक बेच सकता है, लेकिन केडिया अब भी इन कंपनियों में बने हुए हैं। इससे संकेत मिलता है कि वह इन कंपनियों में भविष्य में सुधार की उम्मीद देख रहे हैं।
Sudarshan Chemical
1974 में स्थापित Sudarshan Chemical Industries पिगमेंट बनाने वाली कंपनी है। कंपनी ऑर्गेनिक और इनऑर्गेनिक पिगमेंट के साथ साथ इंडस्ट्रियल उपकरण भी बनाती है। 5 मार्च 2026 तक कंपनी का मार्केट कैप करीब ₹6,527 करोड था और यह दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी पिगमेंट निर्माता कंपनियों में गिनी जाती है।
विजय केडिया कम से कम दिसंबर 2015 से इस कंपनी में निवेशक हैं। फिलहाल उनके पास करीब 1.3 प्रतिशत हिस्सेदारी है जिसकी कीमत लगभग ₹83 करोड़ है। इसी दौरान DIIs की हिस्सेदारी भी दिसंबर 2024 के 19 प्रतिशत से बढ़कर दिसंबर 2025 में 25 प्रतिशत हो गई।
कंपनी की बिक्री FY20 के ₹1,708 करोड़ से बढ़कर FY25 में ₹3,346 करोड़ हो गई। हालांकि हाल के समय में मुनाफे पर दबाव देखा गया है। FY26 की दिसंबर तक की तीन तिमाहियों में कंपनी को लगभग ₹42 करोड़ का घाटा हुआ है।
पिछले छह महीनों में यह शेयर करीब 40 प्रतिशत गिर चुका है। इसकी बड़ी वजह Heubach Group का अधिग्रहण माना जा रहा है। इससे कंपनी वैश्विक स्तर पर बड़ी तो बन गई लेकिन करीब ₹2,200 करोड़ का कर्ज भी बढ़ गया। मांग कमजोर रहने और ब्याज लागत बढ़ने से कंपनी के मार्जिन पर दबाव पड़ा है।
Global Vectra Helicorp Ltd
1988 में स्थापित Global Vectra Helicorp हेलीकॉप्टर चार्टर सेवाएं देने वाली कंपनी है। करीब ₹215 करोड़ के मार्केट कैप वाली यह कंपनी भारत की सबसे बड़ी निजी हेलीकॉप्टर सेवा कंपनियों में गिनी जाती है।
विजय केडिया ने मार्च 2024 की तिमाही में इस स्टॉक को अपने पोर्टफोलियो में जोड़ा था। फिलहाल उनके पास व्यक्तिगत रूप से 3 प्रतिशत और उनकी कंपनी Kedia Securities Private Limited के जरिए 1.86 प्रतिशत हिस्सेदारी है। इस तरह कुल हिस्सेदारी करीब 4.9 प्रतिशत है जिसकी कीमत लगभग ₹10.5 करोड़ है।
कंपनी पर करीब ₹635 करोड़ का कर्ज है और इसका डेट-टु-इक्विटी रेशियो लगभग 141 है, जो निवेशकों के लिए बड़ी चिंता है। बिक्री में बहुत ज्यादा तेजी नहीं आई और मुनाफा भी स्थिर नहीं रहा।
पिछले छह महीनों में यह शेयर ₹244 से गिरकर करीब ₹154 पर आ गया, यानी लगभग 37 प्रतिशत की गिरावट। भारी कर्ज, ऊंची ब्याज लागत और फ्लीट मेंटेनेंस का खर्च कंपनी के कैश फ्लो पर दबाव बना रहा है।
दोनों कंपनियों का आउटलुक
Sudarshan Chemical और Global Vectra Helicorp दोनों कंपनियां इस समय दबाव में हैं। एक तरफ Sudarshan Chemical का भारी कर्ज और कमजोर मार्जिन चिंता बढ़ा रहे हैं, वहीं Global Vectra Helicorp की बैलेंस शीट पर भी कर्ज का बोझ है।
इसके बावजूद विजय केडिया का इन स्टॉक्स में बने रहना यह दिखाता है कि वह मौजूदा गिरावट को अस्थायी मानते हैं और भविष्य में सुधार की उम्मीद रखते हैं। हालांकि आम निवेशकों के लिए फिलहाल ये स्टॉक्स जोखिम भरे हो सकते हैं। इसलिए इन्हें वॉचलिस्ट में रखना बेहतर माना जा सकता है।
Disclaimer:यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।