Vodafone Idea News: एजीआर में राहत के बाद वोडाफोन आइडिया को 25000 करोड़ लोन देने में बैंकों की बढ़ी दिलचस्पी, शेयर उछले

Vodafone Idea News: स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की अगुवाई वाला बैंकों का कंसोर्शियम 10,000 करोड़ रुपये के लेटर ऑफ क्रेडिट (LC) के साथ 25,000 करोड़ रुपये के लोन के प्रस्ताव पर विचार कर रहा है। वोडाफोन आइडिया इस पैसे का इस्तेमाल 4G और 5G इक्विपमेंट खरीदने के लिए करेगी

अपडेटेड May 05, 2026 पर 4:22 PM
Story continues below Advertisement
5 मई को वोडाफोन आइडिया का शेयर 2.76 फीसदी चढ़कर 10.81 रुपये पर चल रहा था।

Vodafone Idea News: स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की अगुवाई वाले कंसोर्शियम के साथ लोन के लिए वोडाफोन आइडिया की बातचीत जल्द अंजाम तक पहुंच सकती है। सूत्रों का कहना है कि 25,000 करोड़ रुपये के इस लोन पर कुछ हफ्तों में फैसला हो जाने की उम्मीद है। इससे यह संकेत मिलता है कि एडजस्टेड ग्रॉस रेवेन्यू (एजीआर) पर हाल में मिली राहत के बाद कंपनी को लोन देने में बैंकों की दिलचस्पी बढ़ी है।

शेयरों में 3 फीसदी उछाल

5 मई को वोडाफोन आइडिया का शेयर 2.76 फीसदी चढ़कर 10.81 रुपये पर चल रहा था। बीते एक महीने में यह शेयर 23 फीसदी से ज्यादा चढ़ा है। सूत्रों ने बताया कि बैंकों का कंसोर्शियम 10,000 करोड़ रुपये के लेटर ऑफ क्रेडिट (LC) के साथ 25,000 करोड़ रुपये के लोन के प्रस्ताव पर विचार कर रहा है। कंपनी इस पैसे का इस्तेमाल 4G और 5G इक्विपमेंट खरीदने के लिए करेगी।


वोडाफोन ने बैंकों को दिया भरोसा

सूत्रों ने कहा, "एजीआर बकाया पेमेंट पर जनवरी में रोक लगने के बाद से बैंकों के साथ वोडाफोन आइडिया की बातचीत चल रही है।" एक सूत्र ने बताया कि लोन के प्रस्ताव पर विचार करने के लिए पिछले हफ्ते दोनों पक्षों ने मुलाकात की थी। वोडाफोन आइडिया (Vi) ने बैंकों को आश्वस्त किया है कि नई क्रेडिट लाइन का इस्तेमाल स्पेक्ट्रम का बकाया अमाउंट चुकाने के लिए नहीं होगा। इसके लिए कंपनी अपने आंतरिक कैश फ्लो का इस्तेमाल करेगी।

DoT ने एजीआर बकाया घटाया है

डिपार्टमेंट ऑफ टेलीकम्युनिकेशंस (DoT) ने वोडाफोन आइडिया के एजीआर बकाया अमाउंट को घटाकर 64,046 करोड़ रुपये कर दिया है। यह पहले के 87,695 करोड़ से 27 फीसदी कम है। साथ ही डीओटी ने पेमेंट का बड़ा हिस्सा FY36-41 तक के लिए टाल दिया है। कंपनी ने 30 अप्रैल को यह जानकारी दी थी। कर्ज के बोझ से दबी वोडाफोन आइडिया के लिए यह दूसरी राहत थी। ऐसी पहली राहत कंपनी को दिसंबर में मिली थी।

यह भी पढ़ें: M&M Q4 Results: महिंद्रा एंड महिंद्रा का कंसॉलिडेटेड प्रॉफिट 42% उछला, प्रति शेयर 33 रुपये डिविडेंड का ऐलान

बैंक टैरिफ में वृद्धि का कर रहे इंतजार

बैंक Vodafone Idea को मिली राहत को बड़ी राहत मानते हैं। लेकिन, वे इस बात का इंतजार करना चाहते हैं कि टेलीकॉम कंपनियां टैरिफ में कितनी वृद्धि करती हैं। सूत्रों ने कहा कि टैरिफ बढ़ाने से वोडाफोन आइडिया की वित्तीय स्थिति मजबूत होगी। मॉर्गन स्टेनली ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि टैरिफ में 20-25 फीसदी वृद्धि टेलीकॉम कंपनियों के लिए जरूरी है। इससे वोडाफोन को भी काफी राहत मिलेगी।

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।