Vodafone Idea Share Price: वोडाफोन आइडिया के शेयर 13 अप्रैल को हल्की तेजी के साथ खुले। लेकिन, कुछ देर बाद ही शेयरों को पंख लग गए। इसकी वजह एक खबर है। खबर यह है कि टेलीकॉम कंपनी के प्रमोटर कंपनी में नई पूंजी डालेंगे। यह मनीकंट्रोल की एक्सक्लूसिव खबर है। मामले से जुड़े सूत्रों ने मनीकंट्रोल को बताया कि कुमार मंगलम बिड़ला कंपनी में नई पूंजी डाल सकते हैं। वह कंपनी के नॉन-एग्जिक्यूटिव चेयरमैन हैं।
वोडाफोन आइडिया को पूंजी की सख्त जरूरत
कुमार मंगलम बिड़ला ऐसे वक्त Vodafone Idea में पूंजी डाल रहे हैं, जब कंपनी को फंड की सख्त जरूरत है। कंपनी को ऑपरेशंस जारी रखने और टेक्नोलॉजी को अपग्रेड करने के लिए नए इक्विपमेंट खरीदने हैं। इसके लिए उसे बड़ा फंड चाहिए। पहले से वह एसबीआई की अगुवाई वाले बैंकों के एक कंसोर्शियम से बातचीत कर रही है। मनीकंट्रोल ने 12 मई को इस बारे में खबर दी थी। मनीकंट्रोल ने बताया था कि बैंकों ने लोन देने के लिए वोडाफोन के सामने कुछ शर्तें रखी हैं।
बिड़ला की वापसी से बढ़ा कंपनी का आत्मविश्वास
सूत्रों ने बताया कि एडजस्टेड ग्रॉस रेवेन्यू (AGR) में कंपनी को बड़ी राहत मिलने के बाद बिड़ला के नॉन-एग्जिक्यूटिव चेयरमैन की वापसी से कंपनी का आत्मविश्वास बढ़ा है। एजीआर मामले में राहत मिलने के बाद बैंक भी वोडाफोन आइडिया को लोन देने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। पिछले हफ्ते वोडाफोन आइडिया ने बिड़ला को रवींदर टक्कर की जगह नॉन-एग्जिक्यूटिव चेयरमैन नियुक्त किया था।
कंपनी को पूंजी मिलने की खबर से शेयर 7 फीसदी चढ़े
वोडाफोन आइडिया का शेयर 13 मई को सुबह में 12.17 रुपये पर खुला। लेकिन, बिड़ला के नई पूंजी कंपनी में डालने की खबर से शेयरों को पंख लग गए। 11:30 बजे यह शेयर 7 फीसदी चढ़कर 12.72 रुपये पर चल रहा था। यह वोडाफोन आइडिया के उन निवेशकों के लिए बड़ी राहत की बात है, जो कम प्राइस पर शेयर में निवेश कर काफी समय से फंस हुए हैं। बीते एक महीने में वोडाफोन का शेयर 38 फीसदी चढ़ा है।
16 मई को होने वाली है कंपनी के बोर्ड की बैठक
वोडाफोन आइडिया ने 12 मई को स्टॉक एक्सचेंजों को बताया था कि कंपनी के बोर्ड की बैठक 16 मई को होने वाली है। इसमें इक्विटी शेयर या वारंट्स या प्रिफरेंशियल बेसिस पर पूंजी जुटाने के प्रस्ताव पर चर्चा होगी। सूत्रों का कहना है कि नई पूंजी मिलने से कंपनी को कर्ज देने वाले बैंकों के साथ ही इनवेस्टर्स का भरोसा कंपनी पर बढ़ेगा।