Share Market Crash: अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और बॉन्ड यील्ड में उछाल ने शेयर मार्केट पर ऐसा दबाव बनाया कि आज भी यह संभल नहीं पाया। इंट्रा-डे में सेंसेक्स 700 प्वाइंट्स से अधिक टूट गया तो निफ्टी भी 22600 के नीचे आ गया। बिकवाली का दबाव इतना तेज रहा कि निचले स्तर पर खरीदारी यानी वैल्यू बाइंग के बावजूद इनके संभलने की कोशिश फेल हो गई। ब्रोडर लेवल पर भी बिकवाली का भारी दबाव रहा और निफ्टी मिडकैप 100 और निफ्टी स्मॉल कैप 100 करीब 1-1% कमजोर हुए। लगातार दूसरे दिन शेयर मार्केट की इस तबाही में बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप करीब ₹3 लाख करोड़ कम हो गई यानी कि निवेशकों की दौलत करीब ₹3 लाख करोड़ घट गई।
सेक्टरलाइज फार्मा और मेटल को छोड़कर फिलहाल लगभग सभी सेक्टर के निफ्टी इंडेक्स लाल रहे। सबसे अधिक दबाव आईटी और रियल्टी सेक्टर ने बनाया। निफ्टी रियल्टी आज 2% से अधिक कमजोर हुआ तो निफ्टी आईटी भी करीब डेढ़ फीसदी नीचे आए। इसके अलावा एफएमसीजी और ऑटो सेक्टर के निफ्टी इंडेक्स 1-1% से अधिक टूटे हैं। निफ्टी पीएसयू बैंक आधे फीसदी से अधिक कमजोर हुआ।
अब इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्स की बात करें आज 29 सितंबर को निफ्टी और बैंक निफ्टी एक्सपायरी के दिन सेंसेक्स (Sensex) 242.65 प्वाइंट्स यानी 0.33% की गिरावट के साथ 72,529.07 और निफ्टी 50 (Nifty 50) भी 64.05 प्वाइंट्स यानी 0.28% की फिसलन के साथ 22,716.20 पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में सेंसेक्स 707.72 प्वाइंट्स टूटकर 72,064.00 और निफ्टी भी 210.60 प्वाइंट्स गिरकर 22,569.65 तक आ गया था। निचले स्तर से रिकवर होकर सेंसेक्स 72,684.90 और निफ्टी 22,753.25 तक पहुंचा था, लेकिन ग्रीन होने से थोड़ी दूर रह गया।
डूबे निवेशकों के ₹2.96 लाख करोड़
एक कारोबारी दिन पहले यानी 28 सितंबर 2026 को बीएसई पर लिस्टेड सभी शेयरों का कुल मार्केट कैप ₹4,75,43,563.07 करोड़ था। आज यानी 29 सितंबर 2026 को यह घटकर ₹4,72,46,989.29 करोड़ रह गया। इसका मतलब हुआ कि निवेशकों की पूंजी में आज ₹296,573.78 करोड़ की गिरावट आई है।
सेंसेक्स पर 30 शेयर लिस्टेड हैं जिसमें आज 12 बढ़त के साथ बंद हुए। सबसे अधिक तेजी आज अदाणी पोर्ट्स, सन फार्मा और टाटा स्टील में रही। वहीं दूसरी तरफ टाइटन, एचसीएलटेक और टीसीएस में आज सबसे अधिक गिरावट रही। नीचे सेंसेक्स पर लिस्टेड सभी शेयरों के लेटेस्ट भाव और आज उतार-चढ़ाव की डिटेल्स देख सकते हैं-
129 शेयर एक साल के हाई पर
बीएसई पर आज 4596 शेयरों की ट्रेडिंग हुई। इसमें 1975 शेयर आज मजबूत हुए तो 2405 में गिरावट रही जबकि 216 में कोई बदलाव नहीं हुआ। इसके अलावा 129 शेयर एक साल के हाई और 232 शेयर एक साल के निचले स्तर पर आ गए। वहीं 10 शेयर अपर सर्किट पर पहुंच गए तो 42 शेयर लोअर सर्किट पर आ गए।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।