घाटे में चल रही टेलीकॉम कंपनी वोडाफोन आइडिया के शेयर में शुक्रवार को सुबह के कारोबार में 19 प्रतिशत तक की तेजी आई। केंद्र सरकार के इनकम टैक्स कानून में संशोधन कर रेट्रोस्पेक्टिव टैक्सेशन को समाप्त करने के फैसले के बाद कंपनी को कुछ राहत मिल सकती है और इस वजह से इसके शेयर की कीमत बढ़ी है।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने गुरुवार को लोकसभा में टैक्सेशन लॉज (अमेंडमेंट) बिल प्रस्तुत किया था। इसका उद्देश्य 2012 के कानून के तहत भारतीय एसेट्स से जुड़ी विदेशी ट्रांजैक्शंस पर टैक्स लगाना था।
इसमें पिछली तारीख से भी टैक्स लगाया जा रहा था। इसके विरोध में केयर्न और वोडाफोन ग्रुप सहित कुछ कंपनियों ने विदेश में आब्रिट्रेशन के मामले भी दायर किए थे। इनमें से कुछ मामलों में सरकार को हाल ही में हार का सामना करना पड़ा है।
वोडाफोन आइडिया का शेयर लगभग 19 प्रतिशत की तेजी के साथ 7.04 रुपये पर पहुंच गया। यह गुरुवार को 5.94 रुपये पर बंद हुआ था।
वोडाफोन आइडिया के लेंडर्स अपने कर्ज को इक्विटी के जरिए चुकाने की योजना पर विचार कर रहे हैं। इससे कंपनी के प्रमोटर्स Vodafone PLC और आदित्य बिड़ला ग्रुप की हिस्सेदारी काफी कम हो जाएगी।
इंडस्ट्रियलिस्ट कुमार मंगलम बिड़ला ने वोडाफोन आइडिया के नॉन-एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर और नॉन-एग्जिक्यूटिव चेयरमैन के तौर पर इस्तीफा दे दिया है। बिड़ला ने इससे पहले कंपनी में अपनी हिस्सेदारी किसी सरकारी या प्राइवेट सेक्टर की कंपनी को देने की पेशकश की थी। इस बारे में बिड़ला ने कैबिनेट सेक्रेटरी को एक पत्र लिखा था।