Tata Motors PV Q1 Results: टाटा की कंपनी का मुनाफा 80% गिरा, JLR के कमजोर आंकड़ों ने मुश्किल बढ़ाई

Tata Motors PV Q1 Results: टाटा की पैसेंजर व्हीकल कंपनी का मुनाफा 80% टूट गया, जबकि रेवेन्यू बढ़ा। JLR की कमजोर बिक्री, सप्लाई संकट और पश्चिम एशिया तनाव का असर दिखा। अब निवेशकों की नजर घरेलू कारोबार और अगले क्वार्टर की रिकवरी पर रहेगी। जानिए डिटेल।

अपडेटेड Aug 13, 2026 पर 4:48 PM
Tata Motors Passenger Vehicles का शेयर गुरुवार को 1.92% बढ़कर ₹349.60 पर बंद हुआ।

Tata Motors PV Q1 Results: टाटा ग्रुप की ऑटो कंपनी Tata Motors Passenger Vehicles का वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही में मुनाफा 80% गिर गया। कंपनी का शेयरधारकों के हिस्से का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट घटकर ₹775 करोड़ रह गया। पिछले साल की इसी तिमाही में यह करीब ₹3,875 करोड़ था। हालांकि, रेवेन्यू में बढ़ोतरी दर्ज की गई।

रेवेन्यू 9.2% बढ़कर ₹95,799 करोड़

अप्रैल-जून तिमाही में टाटा मोटर्स का ऑपरेशंस से रेवेन्यू सालाना आधार पर 9.2% बढ़कर ₹95,799 करोड़ हो गया। भारत में मजबूत कारोबार से कमाई बढ़ी। हालांकि, जैगुवार लैंड रोवर (JLR) की होलसेल बिक्री में गिरावट का असर भी दिखा।


कंपनी का EBITDA मार्जिन 7.4% रहा, जो पिछले साल से 130 बेसिस पॉइंट कम है। वहीं, EBIT मार्जिन 2.4% पर आ गया।

JLR की वजह से मुनाफे पर दबाव

टाटा मोटर्स के मुताबिक, इस तिमाही में JLR के लिए हालात चुनौतीपूर्ण रहे। होलसेल बिक्री 9.2% घट गई। इसकी वजह कुछ खास वजहें भी रहीं। एक बड़े सप्लायर के यहां आग लगने से सप्लाई में दिक्कत हुई। पश्चिम एशिया के तनाव ने भी काम खराब किया। साथ ही, Jaguar के कुछ ब्रांड को चरणबद्ध तरीके से बंद करने की योजना का भी असर दिखा।

JLR का रेवेन्यू 5.97 अरब पाउंड रहा, जो एक साल पहले के मुकाबले 9.6% कम है। वहीं, EBITDA मार्जिन 8.1% और EBIT मार्जिन 2.8% पर आ गया।

भारत में कारोबार मजबूत रहा

घरेलू कारोबार ने बेहतर प्रदर्शन किया। भारत में रेवेन्यू 65% बढ़ा। हालांकि, कमोडिटी की ऊंची कीमतों और विदेशी मुद्रा के उतार-चढ़ाव ने मार्जिन पर दबाव डाला।

तिमाही के दौरान कंपनी का फ्री कैश फ्लो ₹11,800 करोड़ निगेटिव रहा। इसकी बड़ी वजह वर्किंग कैपिटल का मौसमी असर रहा। 30 जून तक कंपनी का नेट डेट ₹42,200 करोड़ था।

डिमर्जर का अकाउंटिंग असर

टाटा मोटर्स PV ने Tata Motors के बिजनेस के रीस्ट्रक्चरिंग का प्रभाव भी दिखा। NCLT से मंजूर स्कीम के तहत कमर्शियल व्हीकल कारोबार को अलग किया गया।

इस प्रक्रिया में कंपनी ने अपने खातों में करीब ₹82,616 करोड़ का अकाउंटिंग गेन दर्ज किया। कंपनी ने साफ किया कि इस एंट्री का उसकी नेटवर्थ पर कोई असर नहीं पड़ा।

नतीजों से पहले Tata Motors Passenger Vehicles का शेयर गुरुवार को 1.92% बढ़कर ₹349.60 पर बंद हुआ।

Page Industries Q1 Results: इनरवियर कंपनी को ₹193 करोड़ का मुनाफा, हर शेयर पर ₹200 का डिविडेंड देगी

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।