Page Industries Q1 Results: इनरवियर कंपनी Page Industries के शेयर गुरुवार, 13 अगस्त को 4% से ज्यादा टूट गए। इसकी वजह कंपनी के वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही के मिले-जुले नतीजे रहे। कंपनी का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 4% घटकर ₹193 करोड़ रह गया। पिछले साल की इसी तिमाही में यह ₹201 करोड़ था। हालांकि, रेवेन्यू 7.9% बढ़कर ₹1,420.4 करोड़ हो गया। एक साल पहले यह ₹1,316.6 करोड़ था।
EBITDA भी 2% घटकर ₹289 करोड़ रह गया। पिछले साल यह ₹295 करोड़ था। वहीं, EBITDA मार्जिन 22.4% से घटकर 20.3% पर आ गया।
₹200 प्रति शेयर अंतरिम डिविडेंड
पेज इंडस्ट्रीज के बोर्ड ने वित्त वर्ष 2027 के लिए ₹200 प्रति इक्विटी शेयर का पहला अंतरिम डिविडेंड घोषित किया है। इसकी रिकॉर्ड डेट 19 अगस्त 2026 तय की गई है। डिविडेंड का भुगतान 11 सितंबर 2026 तक कर दिया जाएगा।
कंपनी को आगे क्या उम्मीद?
पेज इंडस्ट्रीज के मैनेजिंग डायरेक्टर वी. एस. गणेश ने कहा कि पहली तिमाही में कंपनी ने स्थिर रेवेन्यू ग्रोथ दर्ज की। साथ ही मजबूत प्रॉफिट मार्जिन बनाए रखा। उन्होंने कहा कि बेहतर उपभोक्ता मांग, प्रोडक्ट्स में किए गए सुधार और नई प्रोडक्ट लाइन को अच्छा रिस्पॉन्स मिला है।
कंपनी को उम्मीद है कि आने वाले समय में भी उपभोक्ता मांग मजबूत बनी रहेगी। इसके लिए वह खासकर युवाओं को ध्यान में रखकर नए प्रोडक्ट लॉन्च करेगी।
पेज इंडस्ट्रीज का शेयर गुरुवार को 4.66% की गिरावट के साथ 36,510 रुपये पर बंद हुआ। पिछले 6 महीने में स्टॉक 8.89% चढ़ा है। हालांकि, बीते 1 साल के दौरान इसमें करीब 16% की गिरावट आई है। कंपनी का मार्केट कैप 41.07 हजार करोड़ रुपये है।
Page Industries भारत की प्रमुख इनरवियर और एथलीजर कंपनी है। यह Jockey ब्रांड के इनरवियर, एक्टिववियर और लाउंजवियर बनाती और बेचती है। इसके अलावा कंपनी Speedo ब्रांड के स्विमवियर का भी कारोबार करती है। कंपनी का प्रोडक्ट्स नेटवर्क देशभर में एक्सक्लूसिव स्टोर, मल्टी-ब्रांड आउटलेट, बड़े रिटेल स्टोर और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म तक फैला हुआ है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।