VST Industries Share Price: सिगरेट और तंबाकू प्रोडक्ट्स बनाने वाली VST इंडस्ट्रीज के शेयर में 24 जुलाई को बिकवाली का जबर्दस्त दबाव दिखा। कीमत इंट्राडे में 18 प्रतिशत तक लुढ़क गई। एक दिन बाद 25 जुलाई को वित्त वर्ष 2025 की अप्रैल-जून तिमाही के वित्तीय नतीजों पर विचार करने और उन्हें मंजूरी देने के लिए कंपनी के बोर्ड की मीटिंग होने वाली है। इस मीटिंग में बोनस शेयर दिए जाने के प्रस्ताव पर भी विचार किया जाएगा।
VST Industries का शेयर 24 जुलाई को बीएसई पर सुबह बढ़त के साथ 4690 रुपये पर खुला। दिन में यह पिछले बंद भाव से 18 प्रतिशत तक लुढ़का और 3825.15 रुपये के लो तक चला गया।कारोबार बंद होने पर शेयर करीब 17 प्रतिशत की गिरावट के साथ 3883.05 रुपये पर सेटल हुआ। शेयर के लिए लोअर प्राइस बैंड 20 प्रतिशत सर्किट लिमिट के साथ 3,733.50 रुपये है। कंपनी का मार्केट कैप घटकर 6000 करोड़ रुपये पर आ गया। बीएसई पर शेयर का 52 सप्ताह का निचला स्तर 3,159.90 रुपये है।
राधाकिशन दमानी भी हैं शेयरहोल्डर
यह शेयर दिग्गज निवेशक राधाकिशन दमानी के पोर्टफोलियो में भी शामिल है। दमानी, सुपरमार्केट चेन डीमार्ट की पेरेंट कंपनी एवेन्यू सुपरमार्ट्स के फाउंडर हैं। दमानी और उनकी एंटिटीज की VST Industries में वर्तमान में लगभग 34 प्रतिशत हिस्सेदारी है। एवेन्यू सुपरमार्ट्स के बाद उनकी सबसे ज्यादा हिस्सेदारी इसी कंपनी में है। दमानी ने जून 2024 तिमाही में कंपनी में अपनी हिस्सेदारी 3 प्रतिशत बढ़ाई। VST Industries में डॉमेस्टिक म्यूचुअल फंड्स की हिस्सेदारी करीब 12 प्रतिशत है। कंपनी पहली बार शेयरहोल्डर्स को बोनस शेयर देने की तैयारी में है।
VST Industries में जून 2024 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 32.16 प्रतिशत और पब्लिक शेयरहोल्डर्स के पास 67.47 प्रतिशत हिस्सेदारी थी।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।