ITC Share Price: FMCG और होटल सेक्टर की दिग्गज कंपनी ITC के शेयर में 24 जुलाई को भी बढ़त रही। शेयर इंट्राडे में 3 प्रतिशत तक चढ़ा और 52 सप्ताह का नया हाई बनाया। एक दिन पहले 23 जुलाई को बजट 2024 पेश होने के बाद शेयर में 5 प्रतिशत की तेजी आई थी। बजट में तंबाकू पर लगने वाले टैक्स में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। इसके चलते ITC के शेयर में अच्छी खरीद हुई। कंपनी के रेवेन्यू का अधिकांश हिस्सा सिगरेट की बिक्री से आता है।
24 जुलाई को सुबह बीएसई पर शेयर बढ़त के साथ 496.90 रुपये पर खुला। दिन में यह पिछले बंद भाव से करीब 4 प्रतिशत तक चढ़ा और 510.60 रुपये पर 52 सप्ताह का नया हाई क्रिएट हुआ।कारोबार बंद होने पर शेयर 0.41 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 494.05 रुपये पर सेटल हुआ।कंपनी का मार्केट कैप 6.17 लाख करोड़ रुपये है।
एक महीने में ITC शेयर 17% मजबूत
अपर प्राइस बैंड 541.25 रुपये और लोअर प्राइस बैंड 442.85 रुपये है। सर्किट लिमिट 10 प्रतिशत है। शेयर की कीमत पहली बार 500 रुपये के पार गई है। पिछले 5 कारोबारी सत्रों में शेयर 6 प्रतिशत मजबूत हुआ है। पिछले एक महीने में शेयर की कीमत करीब 17 प्रतिशत तक चढ़ी है।
जेफरीज और मैक्वेरी ने बढ़ाया टारगेट प्राइस
जेफरीज ने ITC शेयर के लिए बाय रेटिंग के साथ 585 रुपये प्रति शेयर का टारगेट प्राइस दिया है। मैक्वेरी ने टारगेट प्राइस 535 रुपये से बढ़ाकर 560 रुपये प्रति शेयर कर दिया है। ITC पर कवरेज रखने वाले 39 एनालिस्ट्स में से 36 ने शेयर के लिए बाय रेटिंग दी है। 2 ने होल्ड कॉल और 1 ने सेल रेटिंग दी है। Motilal Oswal Financial Services के चंदन तपारिया का मानना है कि शेयर 545 रुपये तक जा सकता है। वह डाउनसाइड पर 490 रुपये पर सपोर्ट देखते हैं। तपारिया ने मौजूदा लेवल पर शेयर खरीदने की सलाह दी है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।