VST Industries Share Price: सिगरेट और तंबाकू प्रोडक्ट्स बनाने वाली VST Industries के शेयर में 19 जुलाई को 11 प्रतिशत की तेजी आई और दिन में 52 सप्ताह का नया हाई क्रिएट हुआ। कंपनी ने एक दिन पहले शेयर बाजारों को बताया था कि वित्त वर्ष 2025 की अप्रैल-जून तिमाही के वित्तीय नतीजों पर विचार करने और उन्हें मंजूरी देने के लिए कंपनी के बोर्ड की मीटिंग 25 जुलाई को होने वाली है। इस मीटिंग में बोनस शेयर दिए जाने के प्रस्ताव पर भी विचार किया जाएगा। इस अपडेट के बाद शेयरों में जमकर खरीद हुई।
VST Industries का शेयर 19 जुलाई को सुबह बढ़त के साथ बीएसई पर 4390.05 रुपये पर खुला। दिन में यह पिछले बंद भाव से 17.5 प्रतिशत तक चढ़ा और 4850 रुपये के हाई तक गया। यह शेयर का 52 सप्ताह का उच्च स्तर है। कारोबार बंद होने पर शेयर 11 प्रतिशत से ज्यादा बढ़त के साथ 4590 रुपये पर सेटल हुआ। कंपनी का मार्केट कैप 7000 करोड़ रुपये पर है।
मार्च तिमाही में कितना रहा रेवेन्यू और मुनाफा
VST Industries में जून 2024 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 32.16 प्रतिशत और पब्लिक शेयरहोल्डर्स के पास 67.47 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। बीएसई पर मौजूद डेटा के अनुसार, कंपनी का जनवरी-मार्च 2024 तिमाही में रेवेन्यू 475.98 करोड़ रुपये और शुद्ध मुनाफा 88.20 करोड़ रुपये रहा। वित्त वर्ष 2024 में VST Industries का रेवेन्यू 1,837.50 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। इस दौरान शुद्ध मुनाफा 301.57 करोड़ रुपये रहा।
राधाकिशन दमानी भी हैं शेयरहोल्डर
यह शेयर दिग्गज निवेशक राधाकिशन दमानी के पोर्टफोलियो में भी शामिल है। दमानी, सुपरमार्केट चेन डीमार्ट की पेरेंट कंपनी एवेन्यू सुपरमार्ट्स के फाउंडर हैं। दमानी और उनकी एंटिटीज की VST Industries में वर्तमान में लगभग 34 प्रतिशत हिस्सेदारी है। एवेन्यू सुपरमार्ट्स के बाद उनकी सबसे ज्यादा हिस्सेदारी इसी कंपनी में है। दमानी ने जून 2024 तिमाही में कंपनी में अपनी हिस्सेदारी 3 प्रतिशत बढ़ाई। VST Industries में डॉमेस्टिक म्यूचुअल फंड्स की हिस्सेदारी करीब 12 प्रतिशत है। कंपनी पहली बार शेयरहोल्डर्स को बोनस शेयर देने की तैयारी में है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।