Warren Buffett: कौन हैं ग्रेग एबेल, जिन्हें वॉरेन बफे ने बनाया है अपना उत्तराधिकारी

दिग्गज निवेशक वॉरेन बफे ने ऐलान किया है कि वह 2025 के अंत तक बर्कशायर हैथवे के CEO पद से रिटायर होंगे और उनके उत्तराधिकारी ग्रेग एबेल होंगे। एबेल पर अब बर्कशायर की विरासत और संस्कृति को संभालने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।

अपडेटेड May 04, 2025 पर 9:30 PM
Story continues below Advertisement
CEO बनने के बाद ग्रेग एबेल को बर्कशायर की कई विविध कंपनियों और करीब 4 लाख कर्मचारियों का नेतृत्व करना होगा।

दिग्गज निवेशक वॉरेन बफे ने 94 साल की उम्र में रिटायर होने वाले हैं। उन्होंने ऐलान किया है कि वह 2025 के अंत तक बर्कशायर हैथवे का CEO पद छोड़ देंगे। बफे ने 62 साल के ग्रेग एबेल को अपना उत्तराधिकारी बनाया है। यह बड़ी घोषणा 3 मई को कंपनी की सालाना आम बैठक के दौरान की गई। बफे ने बताया कि इस फैसले की जानकारी सिर्फ बोर्ड और उनके दो बच्चों- सूजी और हॉवी बफे को थी।

बफे ने कहा, “मुझे लगता है कि अब वक्त आ गया है कि ग्रेग साल के अंत में बर्कशायर हैथवे के CEO बनें।” उन्होंने पहले भी यह विचार जाहिर किया था कि अब कंपनी की कमान अगली पीढ़ी को सौंपी जानी चाहिए।

ग्रेग एबेल कौन हैं?


ग्रेग एबेल कनाडा के एडमंटन (अल्बर्टा) में पले-बढ़े और कॉलेज स्तर तक हॉकी खेलते रहे थे। उन्हें वॉरेन बफे के सबसे भरोसेमंद सहयोगियों में गिना जाता है। उनका ठिकाना भी बफे से सिर्फ दो घंटे की दूरी पर है।

एबेल 2018 से बर्कशायर की रेल कंपनी BNSF, फूड ब्रांड Dairy Queen और See’s Candies समेत कई मैन्युफैक्चरिंग व रिटेल व्यवसायों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। 2021 से ही वे वॉरेन बफे और दिवंगत चार्ली मंगर के नामित उत्तराधिकारी माने जा रहे हैं।

ग्रेग एबेल मीडिया से दूर रहते हैं, लेकिन बर्कशायर की सालाना बैठकों और कुछ चुनिंदा इंटरव्यू में वे बफे के साथ दिखे हैं। बर्कशायर का बोर्ड अब 2025 के अंत तक उनकी CEO पद पर औपचारिक नियुक्ति की पुष्टि करेगा।

'मेहनत से ही नतीजे आते हैं'

एबेल काफी कम इंटरव्यू देते हैं। उन्होंने 2018 के एक इंटरव्यू में कहा था, 'मुझे लगता है कि मेहनत अच्छे नतीजों की कुंजी है। पढ़ाई, खेल और काम... हर जगह मैंने देखा कि जब मैं खुद को पूरी तरह तैयार रखता हूं और पूरी मेहनत करता हूं, तो कामयाबी जरूर मिलती है।'

एबेल के सामने क्या चुनौतियां होंगी?

CEO बनने के बाद ग्रेग एबेल को बर्कशायर की कई विविध कंपनियों और करीब 4 लाख कर्मचारियों का नेतृत्व करना होगा। साथ ही, बफे के बड़े और जटिल स्टॉक पोर्टफोलियो की देखरेख भी उनकी जिम्मेदारी होगी।

बर्कशायर के बोर्ड मेंबर्स का मानना है कि ग्रेग एबेल यह जिम्मेदारी निभाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। बोर्ड मेंबर रॉन ओल्सन ने कहा, 'क्या वो वॉरेन बफे जैसे होंगे? नहीं, क्योंकि दूसरा बफे नहीं हो सकता। लेकिन उनमें ईमानदारी, रणनीतिक सोच, और मेहनत जैसे सभी गुण हैं, जो उन्हें नेतृत्व के लिए उपयुक्त बनाते हैं।'

बेटे को CEO क्यों नहीं बनाया?

बफे के बेटे हॉवर्ड (70) को CEO नहीं बनाया गया, लेकिन वे कंपनी के नॉन-एग्जीक्यूटिव चेयरमैन होंगे। WSJ की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्हें बर्कशायर की संस्कृति को बनाए रखने का दायित्व सौंपा गया है।

बफे की कुल संपत्ति में से $140 बिलियन का स्टॉक उनके तीनों बच्चों- सूजी, हॉवर्ड और पीटर को ट्रांसफर किया गया है, लेकिन ये शेयर पूरी तरह से दान के लिए समर्पित हैं।

एबेल के बारे में बफे की क्या राय है?

वॉरेन बफे ने कभी कहा था, “हम बहुत भाग्यशाली हैं कि हमारे पास ग्रेग एबेल जैसे नेता हैं।” अब जब वो आधिकारिक रूप से बागडोर सौंपने जा रहे हैं, तो यह सिर्फ एक नेतृत्व परिवर्तन नहीं, बल्कि बर्कशायर हैथवे के भविष्य की दिशा तय करने वाला पल है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।