Warren Buffett Success Mantra: दुनिया के सबसे दिग्गज और सफल निवेशकों में शुमार वारेन बफे की गिनती आज सबसे अमीर व्यक्तियों में होती है। करीब $147 बिलियन की नेटवर्थ वाले बफे से जब उनकी इस अपार सफलता और कमाई का सीक्रेट पूछा गया, तो उन्होंने कोई मुश्किल फाइनेंशियल फॉर्मूला बताने के बजाय एक ऐसा जवाब दिया जिसने सबको हैरान कर दिया।
हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में 96 वर्ष के होने जा रहे बफे ने अपनी सफलता का पूरा श्रेय केवल अपनी प्रतिभा को नहीं, बल्कि 'किस्मत' और 'समय' को दिया। आइए आपको बताते हैं कि शेयर बाजार के इस दिग्गज ने अपनी सफलता और दौलत को लेकर क्या बड़े राज खोले हैं।
'8 अरब की आबादी में 10 सबसे लकी लोगों में से एक हूं'
बर्कशायर हैथवे के दिग्गज निवेशक वारेन बफे ने CNBC को दिए इंटरव्यू में मुस्कुराते हुए कहा, 'दुनिया की 8 अरब की आबादी में, मैं शायद उन 10 सबसे भाग्यशाली लोगों में से एक हूं।'
उन्होंने कहा कि कम उम्र में शेयर बाजार की समझ होना और लंबे समय तक जीवित रहना ही उनकी सबसे बड़ी ताकत बनी। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि वे बहुत लंबे समय से इस क्षेत्र में हैं और उन्होंने अपनी किस्मत के भरोसे अपनी संपत्ति को लगातार बढ़ाया है।
11 साल की उम्र में पहली शेयर खरीदारी: 'ओवेरियन लॉटरी' का कमाल
बफेट मानते हैं कि उनका निवेशक बनना कोई पूर्व-नियोजित प्लान नहीं था, बल्कि एक सुखद हादसा था। बफे के पिता हावर्ड होमन बफेट एक स्टॉकब्रोकर थे। बफेट ने चुटकी लेते हुए कहा, 'अगर मेरे पिता एक प्लंबर होते, तो मैं कभी भी शेयर बाजार में इस मुकाम पर नहीं पहुंच पाता।'
बफे ने अपनी सफलता के लिए 'ओवेरियन लॉटरी' यानी जिस परिवार और देश में आपका जन्म होता है, उसे जिम्मेदार ठहराया। अमेरिका में जन्म लेने और बचपन में ही शेयर बाजार से रूबरू होने के कारण उन्होंने मात्र 11 साल की उम्र में अपना पहला शेयर खरीद लिया था।
लंबी अवधि का निवेश है कमाई का असली 'सक्सेस मंत्र'
बफेट की सफलता से हर छोटे और बड़े निवेशक को जो सबसे बड़ा सबक मिलता है, वह है पेशेंस और लंबे समय तक इन्वेस्टेड रहना। बफे ने 32 साल की उम्र में अपना पहला 1 मिलियन डॉलर कमाया था। उनकी संपत्ति का 90% से ज्यादा हिस्सा 50-60 साल की उम्र के बाद बना।
उनका सीक्रेट मंत्र साफ-साफ है कि शेयर बाजार में रातों-रात अमीर बनने की सोच गलत है। सही बिजनेस और कंपनियों को चुनकर उनमें सालों-साल बने रहना ही कंपाउंडिंग की असली ताकत दिखाता है।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।