8% की तेज गिरावट से पहले Welspun Enterprises रिकॉर्ड हाई पर, ₹352 करोड़ के ऑर्डर्स ने भरा शेयरों में जोश

Welspun Enterprises Share Price: ₹352 करोड़ के ऑर्डर्स पर वेलस्पन एंटरप्राइजेज के शेयर आज फिर नई ऊंचाई पर पहुंच गए। इसके साथ ही इस महीने इसके शेयरों ने छह कारोबारी दिनों में रिकॉर्ड बनाया। जानिए इसे कैसा ऑर्डर मिला है, जिसके चलते शेयरों ने आज फिर नया मुकाम हासिल किया

अपडेटेड Sep 21, 2026 पर 1:13 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
वेलस्पन एंटरप्राइजेज (Welspun Enterprises) की मैटेरियल सब्सिडियरी वेलस्पन मिशीगन इंजीनियर्स (Welspun Michigan Engineers) को दो सीवर रिहैबिलेटेशन प्रोजेक्ट्स मिले हैं, जिनकी कुल वैल्यू जीएसटी समेत ₹351.24 करोड़ है।

Welspun Enterprises Share Price: गांवों से लेकर शहरों तक पीपीपी मॉडल पर सड़कों, हाईवेज और वेस्टवाटर प्रोजेक्ट्स पर काम करने वाली वेलस्पन एंटरप्राइजेज की सब्सिडियरी को दो बड़े ऑर्डर्स मिले, जिसका इसके शेयरों ने जश्न मनाया। ₹352 करोड़ के ऑर्डर्स पर इसके शेयर उछलकर रिकॉर्ड हाई पर पहुंच गए लेकिन फिर ऊपरी स्तर पर इतनी तेज मुनाफावसूली हुई कि यह रेड जोन में आ गया। फिलहाल बीएसई पर यह 4.46% की गिरावट के साथ ₹789.00 पर है। शुरुआती कारोबार में यह 1.82% उछलकर ₹840.85 तक पहुंचा था, जिससे फिर यह 7.83% टूटकर ₹775.00 तक आ गया।

एक्सचेंज फाइलिंग के मुताबिक इसकी सब्सिडियरी को वेलस्पन मिशीगन इंजीनियर्स को अहमदाबाद म्युनिसिपल कॉरपोरेशन से कुल मिलाकर ₹352.14 करोड़ के दो सीवर रिहैबिलेटेशन प्रोजेक्ट्स मिले हैं। इन नए ऑर्डर्स के बाद जून 2026 तक इसकी सब्सिडयरी की ऑर्डर बुक करीब ₹2,135 करोड़ से बढ़कर लगभग ₹2,432.66 करोड़ हो गई है।

शेयरों पर क्यों दिखा दबाव


वेलस्पन एंटरप्राइजेज के शेयरों पर दबाव की एक मुख्य वजह मुनाफावसूली है। इस महीने इसके शेयर ने कई दिन नई ऊंचाईयां छुई थीं। इस महीने के पहले दिन 1 सितंबर को यह ₹711.00 के रिकॉर्ड हाई पर पहुंचा था, जिसके अगले ही दिन 2 सितंबर को यह फिर ₹744.10, फिर 3 सितंबर को ₹767.75 और फिर 4 सितंबर को ₹824.80 के रिकॉर्ड हाई पर पहुंचा था। दो हफ्ते बाद 18 सितंबर को इसने ₹837.95 की नई ऊंचाई छू और फिर आज 21 सितंबर को भी ₹840.85 को नई ऊंचाई छुई।

कैसा काम मिला है Welspun Enterprises को?

वेलस्पन एंटरप्राइजेज की मैटेरियल सब्सिडियरी वेलस्पन मिशीगन इंजीनियर्स (Welspun Michigan Engineers) को दो सीवर रिहैबिलेटेशन प्रोजेक्ट्स मिले हैं, जिनकी कुल वैल्यू जीएसटी समेत ₹351.24 करोड़ है। कंपनी को इन प्रोजेक्ट्स के लिए 18 सितंबर 2026 की तारीख में LoA (लेटर ऑफ अवार्ड) मिला। इन दोनों प्रोजेक्ट की फंडिंग वर्ल्ड बैंक से होगी।

इन दोनों में से पहला प्रोजेक्ट ₹229.48 करोड़ का है। इसमें पश्चिमी अहमदाबाद की मौजूदा मुख्य ट्रंक सीवर लाइन का रिहैबिलिटेशन किया जाएगा। यह काम इस्कॉन चार रास्ता से 285 एमएलडी टर्शियरी सीवेज पंपिंग स्टेशन तक होगा। यह वेलस्पन एंटरप्राइजेज की सब्सिडियरी को अपनी खुद की हैसियत के जरिए हासिल किए गए सबसे बड़े रिहैबिलिटेशन ऑर्डर्स में से एक है।

दूसरा प्रोजेक्ट ₹121.76 करोड़ का है। इसमें पूर्वी अहमदाबाद की मौजूदा सीवर लाइनों के कई हिस्सों का रिहैबिलिटेशन शामिल है। इनमें ओधव 310 से पंजरपोल टार रास्ता, निरांत क्रॉस रोड से महादेव इंपीरियल, और मेट्रो पिलर नंबर 99 से निरांत चार रास्ता तक के हिस्से हैं।

एक साल में कैसी रही वेलस्पन एंटरप्राइजेज के शेयरों की चाल

वेलस्पन एंटरप्राइजेज के शेयरों ने निवेशकों की तगड़ी कमाई कराई है और महज छह महीने में निवेशकों का पैसा दोगुना से अधिक कर दिया। 16 मार्च 2026 को बीएसई पर यह ₹391.20 के भाव पर था जोकि इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। इस निचले स्तर से छह ही महीने में यह 114.94% उछलकर एक कारोबारी दिन पहले 21 सितंबर 2026 को ₹840.85 के भाव पर पहुंच गया, जोकि इसके शेयरों के लिए रिकॉर्ड हाई लेवल है।

Tata Sons के चेयरमैन का जादू! टाटा स्टॉक्स में LIC की होल्डिंग ₹1 लाख करोड़ के पार

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।