LIC holding in Tata Group Stocks: देश की सबसे बड़ी इंस्टीट्यूशनल इंवेस्टर और देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी एलआईसी ने पिछले कुछ वर्षों में टाटा ग्रुप की कई लिस्टेड कंपनियों में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है। प्राइम डेटाबेस के मुताबिक टाटा ग्रुप की 14 लिस्टेड कंपनियों में से 10 में जून 2022 के बाद से यानी कि टाटा सन्स (Tats Sons) के बोर्ड चेयरमैन एन चंद्रशेखरन का दूसरा कार्यकाल शुरू होने के कुछ समय बाद एलआईसी की हिस्सेदारी बढ़ी है। इस खरीदारी के कारण लिस्टेड टाटा कंपनियों में एलआईसी के निवेश की कुल वैल्यू ₹1 लाख करोड़ से अधिक हो गई है।
एलआईसी के निवेश की यह चर्चा इसलिए फिर शुरू हुई क्योंकि टाटा सन्स के बोर्ड ने चंद्रशेखरन को एक बार फिर पांच साल का कार्यकाल देने का सपोर्ट किया है। हालांकि टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा इसके विरोध में हैं। टाटा ट्रस्ट्स के पास टाटा सन्स की लगभग 66% हिस्सेदारी है तो चेयरमैन बने रहने के लिए डायरेक्टर के तौर पर चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति के लिए टाटा ट्रस्ट्स का वोट अहम हो सकता है।
Tata Group में कितना है LIC का निवेश
एलआईसी की टाटा ग्रुप में निवेश की बात करें तो सबसे अधिक होल्डिंग टीसीएस (TCS) में है। टीसीएस में एलआईसी की हिस्सेदारी करीब 5.22% है, जिसकी वैल्यू करीब ₹41,960 करोड़ है। टाटा ग्रुप में एलआईसी के कुल एक्सपोजर का करीब 40% टीसीएस में ही है। इसके अलावा टाटा स्टील (Tata Steel) में एलआईसी की लगभग 6.3% हिस्सेदारी है, जिसकी वैल्यू ₹14,000 करोड़ से अधिक है।
जून 2022 के बाद किसमें तेजी से बढ़ी होल्डिंग
जून 2022 के बाद से एलआईसी की होल्डिंग सबसे तेज रफ्तार से टाटा एलेक्सी (Tata Elxsi) में बढ़ी और जून 2022 में 1.04% से अब 6.59% पर पहुंच गई। हालांकि खास बात ये है कि अप्रैल 2020 से अगस्त 2022 के बीच टाटा एलेक्सी का शेयर 10 गुना से अधिक चढ़ा था और इसके बाद तेजी से यह फिसल गया। साल 2020 में इसका भाव करीब ₹713 था और अगस्त 2022 में यह करीब ₹10,238 तक पहुंच गया लेकिन फिर यह 18 September को करीब ₹3,333 पर आ गया।
एलआईसी ने टाटा ग्रुप के रिटेल ब्रांड ट्रेंट (Trent) में भी अपनी होल्डिंग तेजी से बढ़ाई और जून 2022 में जीरो से अब 3% से थोड़ा अधिक कर लिया। ट्रेंट का शेयर भी अगस्त 2020 से अक्टूबर 2024 तक बहुत तेजी से बढ़ा था और करीब ₹5200 के रिकॉर्ड हाई तक पहुंचा था, लेकिन बाद में यह गिरकर लगभग ₹2,806 पर आ गया।
एलआईसी ने टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स में अपनी होल्डिंग्स जून 2022 की तुलना में 3 पर्सेंटेज प्वाइंट्स बढ़ाकर अब 8.23% कर ली है।
टाटा केमिकल्स की बात करें तो इसमें एलआईसी की होल्डिंग जून 2022 में 6.79% से बढ़कर अब 9.24% हो गई है। खास बात ये है कि इंस्टीट्यूशनल इंवेस्टर के तौर पर एलआईसी की इसमें अधिकतम होल्डिंग 10% ही हो सकती है यानी कि अब इसके और शेयर खरीदने की गुंजाइश एलआईसी के पास सीमित है।
किन टाटा कंपनियों में नहीं बढ़ी होल्डिंग
टाटा की दो कंपनियों- टाटा कॉम (Tata Com) और टाइटन (Titan) में एलआईसी की होल्डिंग बढ़ने की बजाय कम हुई या लगभग नहीं बढ़ी। इसमें से टाटा कम्युनिकेशंस में एलआईसी की होल्डिंग जून 2022 में 3.37% से घटकर 1% से भी कम रह गई तो टाइटन में 1.09 पर्सेंटेज प्वाइंट्स घटकर 2.17% रह गई। इसके अलावा टाटा मोटर्स (Tata Motors), टाटा मोटर्स पैसेंजर वेईकल्स (Tata Motors PV) की होल्डिंग में भी बदलाव तो है लेकिन जून 2022 में ये दोनों एक ही कंपनी थी, जिनका डीमर्ज 2025 में हुआ था।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।