MapMyIndia Shares: मैप से जुड़ी सर्विसेज मुहैया कराने वाली मैपमायइंडिया की पैरेंट कंपनी सीई इंफो सिस्टम्स के शेयरों में सितंबर तिमाही के नतीजे आने के बाद बिकवाली का दबाव दिखा। सिर्फ यही नहीं, ब्रोकरेज फर्म ने इसका टारगेट प्राइस भी घटा दिया तो इसका भी झटका लगा। आज बीएसई पर यह 8.06 फीसदी की गिरावट के साथ 1890.15 रुपये के भाव पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में यह 8.85 फीसदी टूटकर 1880.10 रुपये के भाव तक आ गया था। कंपनी ने नतीजे के साथ-साथ ज्वाइंट वेंचर को बोर्ड की मंजूरी के बारे में भी बताया लेकिन अभी शेयरों को इसका सपोर्ट नहीं मिला।
MapMyIndia के ज्वाइंट वेंचर का क्या होगा काम?
मैपमायइंडिया के चेयरमैन और एमडी राकेश वर्मा ने जो जानकारी दी है, उसके मुताबिक हुंडई किया के पूर्ण मालिकाना हक वाली हुंडई ऑटोएवर के साथ यह ज्वाइंट वेंचर PT Terra Link Technologies बनाएगी। इसमें 40 लाख डॉलर के निवेश के साथ मैपमाय इंडिया की 40 फीसदी हिस्सेदारी होगी। इस ज्वाइंट वेंचर का काम ऑटो सेक्टर की कंपनियों के साथ-साथ दक्षिण पूर्व एशिया की और बिजनेसेज को मैप आधारित सॉल्यूशंस मुहैया कराना होगा। राकेश के मुताबिक यह ज्वाइंट वेंचर मैपमायइंडिया के मौजूदा ग्राहकों को भी फायदा देगा।
कैसी रही सितंबर तिमाही और निवेश के लिए अब क्या है टारगेट प्राइस?
सितंबर तिमाही में मैपमायइंडिया का कंसालिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आदार पर 8.2 फीसदी गिरकर 30.33 करोड़ रुपये पर आ गया। हालांकि इस दौरान ऑपरेशनल रेवेन्यू 14% उछलकर 103.67 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। ऑपरेशनल लेवल पर बात करें तो इसका EBITDA इस दौरान 7.5 फीसदी गिरकर 37.5 करोड़ रुपये और EBITDA मार्जिन सिकुड़कर 44.5 फीसदी से 36.1% पर आ गया। इस नतीजे के बाद ब्रोकरेज सेंट्रम ब्रोकिंग ने इसकी रिड्यूस रेटिंग बरकरार रखी है लेकिन टारगेट प्राइस 2291 रुपये से घटाकर 2097 रुपये कर दिया है।
एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल?
मैपमायइंडिया के शेयरों ने निवेशकों की शानदार कमाई कराई है। 14 मार्च 2024 को यह 1601.55 रुपये पर था जो इसके शेयरों के लिए एक साल का निचला स्तर है। इस निचले स्तर से 3 ही महीने में यह 71 फीसदी से अधिक उछलकर 21 जून 2024 को2745.05 रुपये के भाव पर पहुंच गया जो इसके शेयरों के लिए रिकॉर्ड हाई है। हालांकि शेयरों की तेजी यहीं थम गई और फिलहाल इस हाई से यह करीब 31 फीसदी डाउनसाइड है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।