Zomato Share Price: ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म जोमैटो (Zomato) में निवेशकों की पूंजी में भारी उतार-चढ़ाव रहा है। इसके शेयर रिकॉर्ड हाई से करीब 69 फीसदी नीचे हैं। इसके अलावा यह इश्यू प्राइस से भी 32 फीसदी डिस्काउंट पर है। इस साल यह 14 फीसदी से अधिक टूट चुका है। दिसंबर 2022 तिमाही में कंपनी का घाटा भी बढ़ गया है। हालांकि इन सब निगेटिव के बावजूद ब्रोकरेज फर्म इसे निवेश के लिए आकर्षक मान रहे हैं। ब्रोकरेज फर्मों को मुताबिक जोमैटो के शेयर 100 रुपये के भाव (Zomato Target Price) पर पहुंच सकते है। शुक्रवार 17 फरवरी को यह बीएसई पर 0.88 फीसदी की बढ़त के साथ 51.85 रुपये के भाव पर बंद हुआ था।
Zomato पर एक्सपर्ट क्यों लगा रहे दांव
ग्राहकों के ऑनलाइन से ऑफलाइन शिफ्ट होने और दीवाली के बाद खपत में गिरावट के चलते जोमैटो के लिए दिसबंर 2022 तिमाही कमजोर रही। हालांकि ब्रोकरेज फर्म जियोजीत बीएनपी पारिबास के मुताबिक फूड डिलीवरी कारोबार के पटरी पर लौटने की उम्मीद है जिससे जोमैटो का कारोबार मजबूत होगा। इसके अलावा जोमैटो गोल्ड की नई शुरुआत भी इसकी ग्रोथ को सपोर्ट करेगी। वहीं ब्लिंकिट को लेकर भी मैनेजमेंट पॉजिटिव दिख रहा है। ऐसे में ब्रोकरेज फर्म जियोजीत का मानना है कि जाने-माने ब्रांड और मार्केट में दबदबे के चलते आगे जोमैटो की ग्रोथ शानदार दिख रही है। ऐसे में जियोजीत ने इसे 60 रुपए के टारगेट प्राइस पर बाय रेटिंग दी है।
घरेलू ब्रोकरेज आईसीआईआई सिक्योरिटीज के मुताबिक जोमैटो अब पॉवर यूजर्स की तरफ फोकस कर रहा है जिससे इसकी ग्रोथ प्रॉफिटेबल होगी। कंपनी ने 225 शहरों में सर्विसेज बंद कर दी है, जहां इसे घाटा हो रहा था। इन 225 शहरों की दिसंबर 2022 तिमाही में ग्रॉस ऑर्डर वैल्यू में महज 0.3 फीसदी हिस्सेदारी थी। इसके अलावा मैनेजमेंट ने जनवरी 2023 में कारोबार की (क्विक कॉमर्स को छोड़कर) एडजस्टेड ईबीआईटीडीए के पॉजिटिव होने के संकेत दिए हैं। ऐसे में ब्रोकरेज ने इसकी रेटिंग को होल्ड से अपग्रेड कर बाय कर दिया और 65 रुपये का टारगेट प्राइस फिक्स किया है।
जोमैटो को लेकर सबसे अधिक पॉजिटिव जेएम फाइनेंशियल है। जोमैटो गोल्ड सर्विस के चलते ब्रोकरेज का मानना है कि कंपनी की बैलेंस शीट मजबूत होगी। जोमैटो गोल्ड सर्विस में तीन महीने के लिए 149 रुपये के चार्ज पर यूजर्स 10 किमी के भीतर किसी भी रेस्टोरेंट्स से अनलिमिटेड बिना डिलीवरी चार्ज ऑर्डर मंगा सकेंगे। वहीं कंपनी ने 225 शहरों में अपनी सर्विसेज बंद कर दी है। ऐसे में ब्रोकरेज जेएम फाइनेंशियल ने इसे 100 रुपये के टारगेट प्राइस पर बाय रेटिंग दी है।
भारी डिस्काउंट पर है शेयर
जोमैटो के शेयर करीब दो साल पहले 2021 में 76 रुपये के भाव पर जारी हुए थे। 23 जुलाई 2021 को इसने मार्केट में एंट्री मारी थी और पहले ही दिन 138 रुपये के भाव पर पहुंच गया था। लिस्टिंग के बाद यह 169.10 रुपये की ऊंचाई तक पहुंच गया था यानी कि इस समय इसके शेयर रिकॉर्ड हाई से करीब 69 फीसदी टूट चुके हैं। पिछले एक साल में यह 90 फीसदी कमजोर हुआ है।
जोमैटो के शेयर 17 फरवरी 2022 को 90 रुपये के भाव पर थे जो एक साल का रिकॉर्ड हाई है। इस लेवल से अगले पांच महीने में यह 55 फीसदी टूटकर 26 जुलाई 2022 को 40.55 रुपये के भाव पर आ गया है। हालांकि इस निचले स्तर से जोमैटो अब तक 28 फीसदी रिकवर हो चुका है और ब्रोकरेज के मुताबिक अभी यह 93 फीसदी और चढ़ सकता है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।