Zomato Q3 Result: ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी जोमैटो का शुद्ध घाटा दिसंबर तिमाही में बढ़कर 346.6 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। जबकि पिछले साल इस तिमाही में कंपनी का घाटा 63 करोड़ रुपया रहा था। वहीं इसके पहले सितंबर तिमाही में कंपनी का घाटा 250.8 करोड़ रुपये रहा था। कंपनी ने गुरुवार को मौजूदा वित्त वर्ष की दिसंबर तिमाही के नतीजे जारी करते हुए यह जानकारी दी। गुरुग्राम मुख्यालय वाली जौमैटो ने बताया कि दिसंबर तिमाही में उसकी कारोबार से आमदनी 75 फीसदी बढ़कर 1,948 करोड़ रुपये रही, जो पिछले साल इसी तिमाही में 1,112 करोड़ रुपये था। तिमाही आधार पर कंपनी की आमदनी 17 फीसदी बढ़ी है, जो सितंबर तिमाही में 1,661 करोड़ रुपये रहा था।
कंपनी का एडजस्टेड ऑपरेटिंग घाटा (EBITDA) दिसंबर तिमाही में बढ़कर 265 करोड़ रुपये रहा, जो इससे पहले सितंबर तिमाही में 192 करोड़ रुपये था। वहीं पिछले साल इसी तिमाही में एडजस्टेड ऑपरेटिंग घाटा 272 करोड़ रुपये रहा था।
Zomato के फूड डिलीवरी बिजनेस का ग्रॉस ऑर्डर वैल्यू (GOV) दिसंबर तिमाही में सालाना आधार पर 22 फीसदी और तिमाही आधार पर 1 फीसदी बढ़ा है। कंपनी के औसत ऑर्डर वैल्यू और ऑर्डर की संख्या बढ़ने से अपना GOV बढ़ाने में मदद मिली है।
Zomato के शेयरों में आज रही मजबूती
इस बीच जोमैटो के शेयर आज एनएसई पर 0.55% फीसदी मजबूत होकर 54.60 रुपये के भाव पर बंद हुए। पिछले एक महीने में कंपनी का शेयरों में करीब 0.18% फीसदी की गिरावट आई है। वहीं पिछले एक साल में इसका भाव करीब 42.19% फीसदी गिरा है।