RateGain Shares: रेवेन्यू-मुनाफा बढ़ा, फिर भी 10% टूट गया शेयर, ब्रोकरेज ने भी घटा दिया टारगेट

RateGain Travel Shares: मार्च तिमाही में रेवेन्यू और मुनाफा बढ़ने के बावजूद रेटगेन ट्रैवल के शेयरों में आज बिकवाली की ऐसी आंधी आई कि यह 10 फीसदी से अधिक टूट गया। इसके शेयरों में बिकवाली का यह दबाव वित्त वर्ष 2026 के गाइडेंस के चलते आया है। जानिए कि शेयरों को लेकर एक्सपर्ट का क्या रुझान है?

अपडेटेड May 27, 2025 पर 3:52 PM
लिस्टिंग के बाद से RateGain Travel के लिए यह वित्त वर्ष 2026 सबसे कमजोर रहने वाला है।

RateGain Travel Shares: एक कारोबारी दिन पहले मार्च तिमाही के धमाकेदार नतीजे पर रेटगेन 12 फीसदी तक उछल गए थे। हालांकि आज की बात करें ब्रोकरेज के निगेटिव रुझान और वित्त वर्ष 2026 के कमजोर गाइडेंस 10 फीसदी से अधिक टूट गए। कंपनी ने वित्त वर्ष 2026 के लिए 6-8 फीसदी की रेवेन्यू ग्रोथ का लक्ष्य रखा है जो वित्त वर्ष 2025 के 12.5 फीसदी की ग्रोथ से काफी कम है। इस लक्ष्य के हिसाब से लिस्टिंग के बाद से यह वित्त वर्ष कंपनी के लिए सबसे कमजोर रहने वाला है। वहीं मार्जिन की बात करें तो कंपनी ने इस वित्त वर्ष 15-17% के मार्जिन का लक्ष्य तय किया है जबकि वित्त वर्ष 2025 में यह 21.6% पर था। कंपनी ने यह कटौती एशिया प्रशांत और मिडिल ईस्ट में निवेश की आक्रामक रणनीति के चलते की है।

कंपनी के गाइडेंस और ब्रोकरेज के निगेटिव रुझान पर शेयर धड़ाम से गिर गए। आज बीएसई पर यह 10.14 फीसदी की गिरावट के साथ 472.00 रुपये के भाव पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में यह 10.58 फीसदी फिसलकर 469.70 रुपये के भाव तक आ गया था।

क्या है ब्रोकरेज फर्म का रुझान?


ब्रोकरेज फर्म फिलिप कैपिटल का मानना है कि ग्रोथ में नरमी और 1290 करोड़ रुपये की नगदी की मजबूत स्थिति से नियर टर्म में M&A (विलय और अधिग्रहण) दिख सकता है। इसके पास जो नगदी है, वह बैलेंस शीट का करीब 68 फीसदी है। हालांकि ब्रोकरेज फर्म का मानना है कि इस एमएंडए का मार्जिन और कमाई पर असर अभी देखा जाना बाकी है। मैनेजमेंट एमएंडए को लेकर कोशिशें कर रहा है।

मैनेजमेंट को उम्मीद है कि मीडियम टर्म में कंपनी की ऑर्गेनिक ग्रोथ और ऑपरेटिंग प्रॉफिट मार्जिन 19-22% रह सकती है। वहीं नियर टर्म में डील को लेकर कमजोर माहौल, सुस्त ग्रोथ और मार्जिन के दबाव जैसी चुनौतियों के चलते वित्त वर्ष 2025 से वित्त वर्ष 2027 के बीच कमाई की ग्रोथ एकल अंकों में रह सकती है। इन सब वजहों से ब्रोकरेज फर्म ने इसकी रेटिंग डाउनग्रेड कर न्यूट्रल कर दी और टारगेट प्राइस 650 रुपये से 26% घटाकर 480 रुपये कर दिया है।

एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल?

रेटगेन टेक के शेयर पिछले साल 30 जुलाई 2024 को 856.50 रुपये पर थे जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है। शेयरों की यह तेजी यहीं थम गई और इस हाई लेवल से आठ महीने में यह 57.38 फीसदी फिसलकर पिछले महीने 7 अप्रैल 2025 को 365.00 रुपये के भाव पर आ गया जो इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है। इसके 425 रुपये के शेयर घरेलू मार्केट में 17 दिसंबर 2021 को लिस्ट हुए थे।

RateGain Travel Technologies का Q4 में मुनाफा 9% बढ़ा, मार्जिन में भी सुधार

डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।