Bharat Forge Share Price: मार्केट की उठा-पटक के बीच भारत फोर्ज (Bharat Forge) के शेयर आज रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गए। इसके शेयर आज इंट्रा-डे में ढाई फीसदी से अधिक मजबूत हुए। शेयरों में तेजी का यह रुझान इजराईल की कंपनी के साथ बनी ज्वाइंट वेंचर को मिले करोड़ों के ऑर्डर के चलते है। वैश्विक ब्रोकरेज फर्म नोमुरा की रिपोर्ट ने भी पॉजिटिव माहौल तैयार किया। नोमुरा इसे निवेश के लिए काफी आकर्षक देख रहा है। नोमुरा के मुताबिक इसके शेयर वित्त वर्ष 2025 के अनुमानित EBITDA के मुकाबले 15 गुना एंटरप्राइज वैल्यू पर ट्रेड कर रहा है जो निवेश के लिए काफी आकर्षक लेवल है।
इसके शेयर आज बीएसई पर 1.99 फीसदी की तेजी के साथ 1069.30 रुपये पर बंद हुए हैं। इंट्रा-डे में यह 1076 रुपये तक पहुंच गया था। इसका फुल मार्केट कैप 49,966.88 करोड़ रुपये है। भारत फोर्ज कल्याणी ग्रुप की फ्लैगशिप कंपनी है। यह ऑटो, रेलवे, डिफेंस, कंस्ट्रक्शन और माइनिंग, एयरोस्पेस, समुद्री और तेल और गैस सहित कई क्षेत्रों को प्रोडक्ट्स सप्लाई करती है।
कैसा सौदा मिला है Bharat Forge को
कंपनी ने एक्सचेंज फाइलिंग में जानकारी दी है कि कल्याणी राफेल एडवांस्ड सिस्टम्स को मिसाइल सिस्टम की सप्लाई के लिए डिफेंस मिनिस्ट्री से 287.5 करोड़ रुपये का कांट्रैक्ट मिला है। भारत फोर्ज के पूर्ण मालिकाना हक वाली कल्याणी स्ट्रैटेजिक सिस्टम्स और इजराईल के राफेल एडवांस्ड सिस्टम्स के साथ ज्वाइंट वेंचर को यह सौदा मिला है। यह ऑर्डर 12 महीने के भीतर पूरा करना है। पिछले हफ्ते भी कल्याई स्ट्रैटेजिक सिस्टम्स को 9.39 करोड़ यूरो (850 करोड़ रुपये) के ऑर्डर मित्र देशों से मिले। इस ऑर्डर के तहत कंपनी सैन्य गाड़ियों की चेसिस और कुछ पार्ट्स सप्लाई करेगी। हालांकि अभी इसे सरकार से मंजूरी मिलनी बाकी है।
इस टारगेट प्राइस पर ब्रोकरेज ने दी निवेश की सलाह
विदेशी ब्रोकरेज फर्म नोमुरा के मुताबिक वित्त वर्ष 2024-26 में इसकी कमाई 31 फीसदी के कंपाउंड एनुअल ग्रोथ रेट से बढ़ सकती है जिसके चलते निवेश के लिए यह काफी आकर्षक दिख रहा है। ब्रोकरेज का अनुमान है कि इसके डिफेंस कारोबार को और ऑर्डर मिलने के चलते मजबूती मिल सकती है। इसका डिफेंस ऑर्डर बुक बढ़कर 3300-3400 करोड़ रुपये पर पहुंच सकता है। इन सब बातों को देखते हुए ब्रोकरेज ने इसमें 1157 रुपये के टारगेट प्राइस पर निवेश की सलाह दी है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।