Cummins India Share Price: डीजल और नेचुरल गैस इंजन बनाने वाली कमिन्स इंडिया के शेयरों की आज निवेशकों ने जमकर खरीदारी की। कंपनी के मैनेजमेंट ने कारोबार को लेकर जो कहा है, उससे निवेशक उत्साहित हो गए और धड़ाधड़ शेयरों की खरीदारी करने लगे और इसके चलते शेयर फटाक से उछल गए। इंट्रा-डे में इसके शेयर 8 फीसदी से अधिक उछल गए। इस तेजी का फायदा उठाते हुए कुछ निवेशकों ने मुनाफावसूली की लेकिन भाव अधिक गिर नहीं पाए। दिन के आखिरी में BSE पर यह 6.17 फीसदी की बढ़त के साथ 3737.05 रुपये के भाव पर बंद हुआ है। इंट्रा-डे में यह 8.45 फीसदी उछलकर 3817.55 रुपये तक पहुंच गए थे।
क्या कहा Cummins India के मैनेजमेंट ने?
मैनेजमेंट का मानना है कि आने वाले समय में मार्जिन पर कुछ दबाव दिख सकता है क्योंकि मार्जिन का रिकॉर्ड लेवल टिकाऊ नहीं है। कंपनी ने इस वित्त वर्ष FY25 के लिए 13-14 फीसदी रेवेन्यू ग्रोथ का अनुमान लगाया है। मैनेजमेंट का मानना है कि कंपनी का ध्यान अच्छे मुनाफे को बनाए रखने के साथ-साथ ग्रोथ पर भी रहेगा। साथ ही यह मार्केट शेयर और वॉल्यूम को भी बनाए रखेगी। निर्यात की बात करें तो पश्चिमी एशिया और अफ्रीका में रिकवरी के चलते निर्यात में तिमाही आधार पर ग्रोथ दिखी। इसके डेटा सेंटर्स की पावर जेनेरेशन बिजनेस में करीब 10 फीसदी हिस्सेदारी रही और इसका ऑर्डर बुक काफी मजबूत है। मैनेजमेंट का कहना है कि आरएंडडी पर जितना खर्च हो चुका है, अब उसका फायदा एक्सपोर्ट बढ़ाने में मिल सकता है। कंपनी का मानना है कि वह ऐसे प्वाइंट पर पहुंच चुकी है, जहां इसकी ग्रोथ अब कई वर्षों तक के लिए टिकाऊ हो चुकी है।
एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल, अब आगे क्या है रुझान?
कमिन्स इंडिया के शेयर पिछले साल 9 अक्टूबर 2023 को 1590.30 रुपये के भाव पर थे जो इसके शेयरों के लिए एक साल का निचला स्तर है। इस निचले स्तर से 8 महीने में यह 25 जून 2024 को यह 4169.50 रुपये पर पहुंच गया जो इसके शेयरों के लिए रिकॉर्ड हाई लेवल है। हालांकि शेयरों की यह तेजी थम गई और फिलहाल इस रिकॉर्ड हाई से यह 10 फीसदी से भी अधिक डाउनसाइड है। इस साल कमिन्स इंडिया के शेयर 90 फीसदी से अधिक मजबूत हुए हैं। अब आगे की बात करें तो वैश्विक ब्रोकरेज फर्म नोमुरा ने इसे 3470 रुपए के टारगेट प्राइस पर न्यूट्रल रेटिंग दी है। ब्रोकरेज का कहना है कि मजबूत मार्जिन के दम पर इसकी कमाई उम्मीद से बेहतर रही।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।