Share Market Rally: अकेले एक सेक्टर ने Sensex को खींच लिया ऊपर, पांच वजहों से Nifty भी 23700 के पार

Share Market Rally: एक कारोबारी दिन पहले बिकवाली की आंधी में घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्सेज सेंसेक्स (Sensex) और निफ्टी 50 (Nifty 50) बुरी तरह टूट गए थे। हालांकि आज शुरुआती कारोबार में ये संभल गए और अकेले एक सेक्टर ने मार्केट को ऊपर खींच लिया। जानिए मार्केट में आज इस रौनक की पांच मुख्य वजह

अपडेटेड Jun 01, 2026 पर 10:54 AM
Story continues below Advertisement
एक कारोबारी दिन पहले 29 मई को निफ्टी की मंथली एक्सपायरी के दिन सेंसेक्स (Sensex) 74775.74 और निफ्टी 50 (Nifty 50) 23547.75 पर बंद हुआ था। ये करीब डेढ़ फीसदी कमजोर हुए थे लेकिन आज इनकी बढ़त के साथ शुरुआत हुई।

Share Market Rally: अधिकतर एशियाई बाजारों से मजबूत रुझानों के बीच घरेलू स्टॉक मार्केट में आज शुरुआती कारोबार में काफी रौनक दिखी। एक कारोबार दिन पहले करीब डेढ़ फीसदी टूटने के बाद आज घरेलू इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्सेज सेंसेक्स (Sensex) और निफ्टी 50 (Nifty 50) करीब आधा फीसदी रिकवर हुए। हालांकि ब्रोडर लेवल पर फिलहाल मिडकैप और स्मॉलकैप में बिकवाली का दबाव है। निफ्टी मिडकैप 100 फिलहाल करीब 1% कमजोर हुआ है लेकिन निफ्टी स्मॉलकैप 100 में आधे फीसदी से कम की गिरावट है।

इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्सेज की बात करें तो फिलहाल 10:52 AM पर सेंसेक्स 110.45 प्वाइंट्स यानी 0.15% की तेजी के साथ 74,886.19 और निफ्टी 50 भी 33.10 प्वाइंट्स यानी 0.14% के उछाल के साथ 23,580.85 पर है। इंट्रा-डे में सेंसेक्स 592.19 प्वाइंट्स उछलकर 75,367.93 और निफ्टी 185.95 प्वाइंट्स बढ़कर 23,733.70 तक पहुंच गया था।

Share Market Rally: इन वजहों से छाई मार्केट में रौनक

वैल्यू बाइंग


विदेशी निवेशकों की ताबड़तोड़ बिकवाली के चलते एक कारोबारी दिन पहले मार्केट में हाहाकार मच गया था और सेंसेक्स-निफ्टी तो करीब डेढ़ फीसदी फिसल गए थे। इस गिरावट के बाद निचले स्तर पर खरीदारी के चलते आज मार्केट में रौनक लौटी।

भारत और अमेरिका के बीच ट्रे़ड डील

1-4 जून तक दिल्ली में भारत और अमेरिका के बीच कारोबार बातचीत होनी है। दोनों देश अंतरिम ट्रेड एग्रीमेंट को फाइनल करने और बातचीत को आगे बढ़ाने पर विचार कर रहे हैं। पिछले हफ्ते भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने कहा था कि दोनों देशों के बीच बातचीत अपने आखिरी पड़ाव पर पहुँच गई है। इसने मार्केट में चहल-पहल बढ़ाई है।

आईटी शेयरों में जोरदार उछाल

मार्केट को आज सबसे तगड़ा सपोर्ट आईटी शेयरों से मिला है। एक तरफ निफ्टी एफएमसीजी करीब 1% टूट गया और ऑटो, पीएसयू बैंक, रियल्टी सेक्टर के निफ्टी इंडेक्स आधे-आधे फीसदी से अधिक फिसले हैं और निफ्टी प्राइवेट बैंक भी रेड जोन में है। वहीं दूसरी तरफ निफ्टी आईटी इंडेक्स करीब 3% उछल पड़ा।

India VIX में नरमी

मार्केट की घबराहट को मापने वाला इंडिया वीआईएक्स नरम पड़ा तो निवेशकों की फिक्र हल्की हुई। फिलहाल इंडिया विक्स 1.45% की गिरावट के साथ 15.95 पर है।

एशियाई बाजारों से मजबूत संकेत

एशियाई के अधिकतर बाजारों में रौनक का असर आज घरेलू मार्केट में भी दिखा। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 4% से अधिक उछल पड़ा तो ताइवान के ताइवान वेटेड में करीब 2% और जापान के निक्केई 225 में करीब 1% की बढ़त है।

स्टॉक मार्केट में आज की लाइव हलचल के लिए यहां जुड़ें

डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।