Share Market: शेयर बाजार ने इन 7 कारणों से भरी उड़ान, सेंसेक्स 900 अंक चढ़ा, निफ्टी भी पहुंचा 24500 के पार

Share Market Rally: भारतीय शेयर बाजारों में आज 2 मई को शानदार तेजी देखने को मिल रही है। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों शुरुआती कारोबार में लगभग 1 प्रतिशत तक बढ़ गए। विदेशी निवेशकों की ओर से लगातार खरीदारी और मजबूत ग्लोबल संकेतों के चलते निवेशकों का जोश हाई दिखा। सबसे अधिक तेजी आईटी, बैंकिंग और ऑयल एंड गैस शेयरों में देखने को मिली

अपडेटेड May 02, 2025 पर 11:59 AM
Story continues below Advertisement
Share Market Rally: शुक्रवार 2 मई को कारोबार में आईटी, बैंकिंग और ऑयल एंड गैस शेयरों में सबसे अधिक तेजी देखने को मिली

Share Market Rally: भारतीय शेयर बाजारों में आज 2 मई को शानदार तेजी देखने को मिल रही है। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों शुरुआती कारोबार में लगभग 1 प्रतिशत तक बढ़ गए। विदेशी निवेशकों की ओर से लगातार खरीदारी और मजबूत ग्लोबल संकेतों के चलते निवेशकों का जोश हाई दिखा। सबसे अधिक तेजी आईटी, बैंकिंग और ऑयल एंड गैस शेयरों में देखने को मिली। सेंसेक्स दिन के कारोबार के दौरान 917.17 अंक या 1.14% की तेजी के साथ 81,159.41 के उच्चतम स्तर तक पहुंच गया। वहीं निफ्टी 254.95 अंक या 1.04% बढ़कर 24,589.15 तक चला गया। हालांकि बाद में दोनों सूचकांकों ने कुछ बढ़त गंवाई, लेकिन फिर भी सेंसेक्स 450 अंक ऊपर और निफ्टी 24,400 के ऊपर मजबूती के साथ कारोबार करते दिखे।

शेयर बाजार में आज की तेजी के पीछे 7 प्रमुख कारण रहे:

1. रुपये में मजबूती

भारतीय रुपया शुक्रवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले मजबूत होकर 84 प्रति डॉलर के नीचे आया, जो कि 1 अक्टूबर 2024 के बाद का इसका उच्चतम स्तर है। शुक्रवार को भारतीय रुपया 40 पैसे मजबूत होकर 84.09 पर खुला और फिर 83.90 तक गया। इस मजबूती का कारण इक्विटी और डेट मार्केट में बढ़ती विदेशी पूंजी और भारत-अमेरिका के बीच चल रही टैरिफ बातचीत में प्रगति को बताया जा रहा है।


2. अमेरिका-चीन के बीच व्यापार वार्ता की उम्मीदें

चीन ने संकेत दिया है कि वह अमेरिका के साथ व्यापार वार्ता फिर से शुरू करने के लिए तैयार है। इसने ग्लोबल स्तर पर निवेशकों के सेंटीमेंट को बढ़ाने में मदद की। ब्लूमबर्ग के मुताबिक, चीन के कॉमर्स मिनिस्ट्री ने कहा कि उसे वाशिंगटन से बातचीत के लिए संकेत मिले हैं, जिससे दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच तनाव कम होने की उम्मीद बढ़ गई है। चीनी मंत्रालय ने कहा, "अमेरिका ने हाल ही में संबंधित पक्षों के जरिए चीन को संदेश भेजे हैं, जिससे बातचीत शुरू होने की उम्मीद है।" साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि बीजिंग इस संभावना का मूल्यांकन कर रहा है।

3. विदेशी निवेशकों की लगातार खरीदारी

विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने भारतीय बाजारों में पैसा लगाना जारी रखा है। बुधवार को उन्होंने शुद्ध रूप से 50.57 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। पिछले 11 कारोबारी दिनों से FIIs लगातार शुद्ध रूप से बायर्स बने हुए हैं। जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के चीफ इनवेस्टमेंट स्ट्रैटजिस्ट वीके विजयकुमार ने कहा, "शेयर बाजार की हालिया शानदार तेजी के पीछे मुख्य विदेशी निवेशकों की खरीदारी है, जिन्होंने पिछले 11 दिनों में 37,375 करोड़ रुपये की खरीदारी की। इसके अलावा कमजोर अमेरिकी डॉलर, घटती ब्याज दरें, क्रूड की कीमतों में नरमीर मांग में सुधार के संकेत भी भारतीय बाजार को मजबूती दे रहे हैं।"

4. रिकॉर्ड जीएसटी कलेक्शन

अप्रैल में GST कलेक्शन सालाना आधार पर 12.6% बढ़कर 2.37 लाख करोड़ रुपये के ऑलटाइम हाई स्तर पर पहुंच गया, जो भारतीय इकोनॉमी के लचीलेपन को दिखाता है। साथ ही यह कंजम्प्शन ट्रेंड में मजबूती की ओर भी इशारा करता है।

5. भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की उम्मीद

भारत-अमेरिका के बीच जल्द व्यापार समझौते की उम्मीदों ने भी निवेशकों के मनोबल को मजबूत किया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि भारत के साथ टैरिफ वार्ता "बहुत अच्छी चल रही है" और जल्द ही दोनों देशों के बीच किसी समझौते पर पहुंचने की संभावना है।

6. मजबूत ग्लोबल संकेत

एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का KOSPI, जापान का Nikkei 225 और हांगकांग का Hang Seng बढ़त में रहे, जबकि चीन का Shanghai SSE Composite थोड़ा कमजोर रहा। अमेरिकी बाजार भी गुरुवार को हरे निशान में बंद हुए थे।

7. क्रूड ऑयल में गिरावट

ब्रेंट क्रूड की कीमत घटकर USD 62.56 प्रति बैरल पर आ गई, जो तीन महीने का न्यूनतम स्तर है। रिलायंस सिक्योरिटीज के रिसर्च हेड विकास जैन के मुताबिक, "क्रूड की कीमतों में गिरावट, FII की लगातार खरीदारी और मजबूत तिमाही नतीजे घरेलू बाजार को मजबूती दे रहे हैं।"

यह भी पढ़ें- सेंसेक्स-निफ्टी नहीं, शेयर बाजार से कमाई के लिए अब यहां रखनी होगी नजर: IKIGAI रिपोर्ट

डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।