Stock Market Rally: भारतीय शेयर बाजारों ने आज 25 मार्च को लगातार सातवें दिन अपनी उड़ान जारी रखी। विदेशी निवेशकों की वापसी और मजबूत ग्लोबल संकेतों के चलते बाजार में शानदार तेजी देखी जा रही है। सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 757.41 अंकों की छलांग लगाकर 78,741.69 तक पहुंच गया। वहीं निफ्टी 211.25 अंकों की बढ़त के साथ 23,869.60 पर ट्रेड कर रहा है। 5 फरवरी के बाद यह पहली बार है, जब निफ्टी ने 23,800 का स्तर पार किया है। शेयर बाजार में इस तेजी की अगुवाई आईटी और बैंकिंग शेयरों ने की, जिनमें HCL टेक्नोलॉजीज, बजाज फिनसर्व, इंफोसिस, HDFC बैंक और TCS सबसे अधिक चढ़ने वाले स्टॉक्स में शामिल रहे।
शेयर बाजार में तेजी की 5 बड़ी वजहें-
1. टैरिफ को लेकर चिंता कम हुई
2. विदेशी निवेशकों की वापसी (FII Inflows)
विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने अब भारतीय शेयर बाजार में खरीदारी शुरू कर दी है। सोमवार को उन्होंने 3,055.76 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की। रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के सीनियर वाइस-प्रेसिडेंट अजीत मिश्रा के मुताबिक, "शेयर बाजार में आई हालिया तेजी का श्रेय FII की खरीदारी और डेरिवेटिव्स में शॉर्ट-कवरिंग को दिया जा सकता है।"
3. ग्लोबल संकेतों से बाजार को सपोर्ट
अमेरिकी और एशियाई बाजारों से मिले पॉजिटिव संकेतों ने भारतीय बाजार में तेजी को और बढ़ावा दिया। S&P 500 इंडेक्स 1.76% की तेजी के साथ अपने दो हफ्तों के उच्चतम स्तर पर बंद हुआ। वहीं Nvidia और Tesla के शेयरों में उछाल के कारण नैस्डेक इंडेक्स 2.27 फीसदी बढ़कर बंद हुआ। डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज में 1.42 प्रतिशत की तेजी देखी गई। एशियाई बाजार मिले-जुले रहे, टोक्यो के निक्केई 225 में तेजी रही, जबकि शंघाई और हांगकांग में हल्की गिरावट दर्ज की गई।
4. आईटी सेक्टर का जबरदस्त प्रदर्शन
आईटी कंपनियों के शेयरों में लगातार चौथे दिन तेजी देखने को मिली। निफ्टी आईटी इंडेक्स कारोबार के दौरान 2.3% से अधिक चढ़ गया। इंडेक्स में शामिल सभी 10 आईटी कंपनियों के शेयर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे। HCL Tech, L&T टेक्नोलॉजी सर्विसेज, Coforge और Mphasis में सबसे अधिक तेजी देखने को मिली। मार्केट एनालिस्ट्स का कहना है कि ग्लोबल मांग में सुधार और ट्रंप के नरम रुख से आईटी सेक्टर में तेजी आ रही है।
5. भारतीय रुपये की मजबूती
भारतीय रुपया मंगलवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 85.58 के भाव पर खुला, जो इसका तीन महीने का उच्चतम स्तर है। बाद में यह पहले के नुकसान से उबरते हुए 85.64 पर कारोबार कर रहा था। रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, रुपये में पिछले आठ दिनों से लगातार तेजी देखी जा रही है। ऐसा डॉलर इंडेक्स में कमजोरी और वित्त वर्ष के अंत में विदेशी पूंजी की आमद के चलते हो रहा है।
क्या कहता है टेक्निकल चार्ट?
जियोजित फाइनेशियल सर्विसेज के चीफ इनवेस्टमेंट स्ट्रैटजिस्ट आनंद जेम्स ने कहा, "निफ्टी का अगला लक्ष्य 23,807 के आसपास है। हालांकि, कुछ कंसोलिडेशन हो सकता है, लेकिन अगर तेजी बनी रही, तो निफ्टी 24,150-24,200 तक जा सकता है। हालांकि, अगर बाजार में गिरावट आती है, तो 23,480 का स्तर अहम होगा, जबकि 23,600 का स्तर इंट्राडे के लिए अहम रहेगा।"
डिस्क्लेमरः Moneycontrol पर एक्सपर्ट्स/ब्रोकरेज फर्म्स की ओर से दिए जाने वाले विचार और निवेश सलाह उनके अपने होते हैं, न कि वेबसाइट और उसके मैनेजमेंट के। Moneycontrol यूजर्स को सलाह देता है कि वह कोई भी निवेश निर्णय लेने के पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लें।