Stock Market Rally: अमेरिका और ईरान के बीच समझौते की उम्मीद ने दुनिया भर के बाजारों में जोश भर दिया। वैश्विक मार्केट से मजबूत संकेतों के बीच घरेलू मार्केट में आज चौतरफा खरीदारी का माहौल है। इस रौनक में घरेलू बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स और निफ्टी उछल पड़े। शुरुआती कारोबार में ही सेंसेक्स 600 प्वाइंट्स से अधिक उछल पड़ा तो निफ्टी भी उछलकर 23850 के पार पहुंच गया। ब्रोडर लेवल पर बात करें तो मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में भी अच्छी खरीदारी हो रही है। निफ्टी स्मॉलकैप 100 और निफ्टी मिडकैप 100 में आधे-आधे फीसदी से अधिक की बढ़त है। सेक्टरवाइज सभी सेक्टर के निफ्टी इंडेक्स ग्रीन हैं लेकिन निफ्टी रियल्टी को छोड़ लगभग सभी अहम सेक्टर के निफ्टी इंडेक्स में फिलहाल 1% या इससे अधिक की तेजी नहीं है।
अब इक्विटी बेंचमार्क इंडेक्सों की बात करें तो फिलहाल 09:56 AM पर सेंसेक्स (Sensex) 359.82 प्वाइंट्स यानी 0.48% की बढ़त के साथ 75,678.21 और निफ्टी 50 (Nifty 50) 137.65 प्वाइंट्स यानी 0.58% के उछाल के साथ 23,796.65 पर है। इंट्रा-डे में सेंसेक्स 627.4 प्वाइंट्स उछलकर 75,945.79 और निफ्टी 200.9 प्वाइंट्स बढ़कर 23,859.90 तक पहुंच गया था।
Why Market Rally: ये है वजह
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान से जवाब के लिए कुछ दिनों तक इंतजार भी करने की बात कही तो इससे दोनों देशों के बीच समझौत की उम्मीद बढ़ी है जिसने दुनिया भर के अधिकतर बाजारों में जोश भरा।
कच्चे तेल की सप्लाई से जुड़ी चिंता फीकी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक तेल से लदे कुछ जहाज स्ट्रेट ऑफ होर्मुज यानी होर्मुज जलडमरूमध्य से सफलतापूर्क गुजरे तो यह तेल की सप्लाई से जुड़ी दिक्कतों को लेकर चिंताएं कम हुई हैं। इससे निवेशकों का सेंटिमेंट सुधरा है।
एशियाई बाजारों में शानदार रौनक
ओवरनाइट अमेरिकी बाजार में नास्डाक डेढ़ फीसदी से अधिक की बढ़त के साथ तो एसएंडपी 500 भी 1% से अधिक ऊपर चढ़कर बंद हुआ। वहीं यूरोपीय मार्केट में बात करें तो फ्रांस का सीएसी डेढ़ फीसदी से अधिक, जर्मनी का डीएएक्स 1% से अधिक तो ब्रिटेन का एफटीएसई करीब 1% मजबूत होकर बंद हुआ। एशियाई बाजारों में अच्छी रौनक है। जापान का निक्केई 225 और ताइवान का ताइवान वेटेड 3.5-3.5% से अधिक बढ़त के साथ हैं तो दक्षिण कोरिया के कोस्पी में 7% से अधिक तेजी है। हालांकि सिंगापुर के स्ट्रेट टाइम्स और थाईलैंड के सेट कंपोजिट में आधे फीसदी से कम बढ़त है और चीन का शंघाई कंपोजिट तो फ्लैट है तो दूसरी तरफ इंडोनेशिया के जकार्ता कंपोजिट में ढाई फीसदी की गिरावट है।
रिकॉर्ड निचले स्तर से रुपये की जोरदार रिकवरी ने घरेलू मार्केट में जोश भर दिया। बुधवार को एक अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये के ₹96.82 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर बंद होने के बाद आज यह मजबूती के साथ ₹96.30 पर खुला।
मार्केट की घबराहट को मापने वाले इंडेक्स इंडिया विक्स के फिसलकर 18 से नीचे आने पर निवेशकों का मूड पॉजिटिव हुआ। फिलहाल यह 3% की गिरावट के साथ 17.89 है। इसके अधिक होने का मतलब है कि मार्केट में वोलैटिलिटी हाई है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।