V2 Retail Shares: सितंबर तिमाही के बिजनेस अपडेट पर वी2 रिटेल के शेयर आज ऐसे फिसले कि 19% से अधिक टूट गए। मार्च 2020 के बाद से यह इसके शेयरों के लिए अब तक की सबसे बड़ी गिरावट रही। इस गिरावट के साथ आज टूटकर यह एक साल के रिकॉर्ड निचले स्तर पर आ गया। बिकवाली की आंधी इतनी तेज रही कि निचले स्तर पर खरीदारी के बावजूद शेयर संभल नहीं पाए। फिलहाल बीएसई पर यह 13.68% की गिरावट के साथ ₹174.20 पर है। इंट्रा-डे में यह 19.45% टूटकर ₹162.55 तक आ गया था।
क्या है V2 Retail के बिजनेस अपडेट में?
वी2 रिटेल ने 2 अक्टूबर को चालू वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही जुलाई-सितंबर 2026 के बिजनेस अपडेट जारी किए। इसमें सामने आया कि कंपनी का रेवेन्यू सालाना आधार पर सितंबर तिमाही में 28.4% की रफ्तार से बढ़ा, जिसे स्टोर नेटवर्क विस्तार से सपोर्ट मिला। कंपनी का स्टैंडएलोन रेवेन्यू सितंबर 2026 तिमाही में सालाना आधार पर ₹705 करोड़ से ₹905 करोड़ पर पहुंच गया।
हालांकि फेस्टिवल-नॉर्मलाइज्ड बेसिस पर इस दौरान कंपनी की सेम-स्टोर-सेल्स ग्रोथ सिर्फ 0.5% रही। हालांकि कंपनी का यह भी कहना है कि यह फर्क इसलिए दिखा क्योंकि पिछले साल की सितंबर तिमाही में नवरात्रि और दुर्गा पूजा थे जबकि इस बार ये दिसंबर तिमाही में हैं। कैलेंडर बेसिस पर यह ग्रोथ 14.9% रही। सितंबर 2026 तिमाही में कंपनी की प्रति स्क्वेयर फुट मंथली सेल्स ₹700 रही और इसमें नवरात्रि और दुर्गा पूजा का सीज़न शामिल नहीं था।
सितंबर तिमाही में वी2 रिटेल ने 49 नए स्टोर खोले तो तीन बंद किए। नए स्टोर खोलने के लिए कंपनी का फोकस टियर-2 और टियर-3 शहरों पर बना हुआ है। विस्तार के साथ अब कंपनी के पास 427 स्टोर हो गए हैं। इसके अलावा सितंबर तिमाही में कंपनी ने सितंबर तिमाही में दिल्ली एनसीआर और लखनऊ में वी2कार्ट ई-कॉमर्स को भी सॉफ्ट-लॉन्च किया, जिसके तहत ऑनलाइन ऑर्डर की डिलीवरी सीधे स्टोर से की जाएगी।
एक साल में कैसी रही शेयरों की चाल
वी2 रिटेल के शेयरों ने निवेशकों को तगड़ा शॉक दिया है। 4 जून 2026 को बीएसई पर यह ₹259.45 के भाव पर था। यह इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड हाई लेवल है। इस हाई लेवल से 6 ही महीने में यह 37.35% टूटकर 5 अक्टूबर 2026 को ₹162.55 पर आ गए जोकि इसके शेयरों के लिए एक साल का रिकॉर्ड निचला स्तर है।
डिस्क्लेमर: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।