Wipro Share Buyback: आज, 5 जून रिकॉर्ड डेट, वापस खरीदे जाएंगे ₹15000 करोड़ के शेयर; लेकिन किस भाव पर?

Wipro Share Buyback: कंपनी के बोर्ड ने 2026 के बायबैक प्रोग्राम को 16 अप्रैल को मंजूरी दी थी। विप्रो लगभग 3 साल बाद शेयर बायबैक कर रही है। पिछला बायबैक जून 2023 में किया गया था। कंपनी में मार्च 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 72.62 प्रतिशत हिस्सेदारी थी

अपडेटेड Jun 05, 2026 पर 9:20 AM
Wipro बायबैक में प्रमोटर और प्रमोटर समूह के सदस्य भी हिस्सा लेने वाले हैं।

IT कंपनी विप्रो (Wipro) 15,000 करोड़ रुपये का शेयर बायबैक कर रही है। इसके तहत कंपनी अपने शेयरहोल्डर्स से 60 करोड़ शेयरों को वापस खरीदेगी। इसके लिए रिकॉर्ड डेट आज, 5 जून है। इस तारीख तक जिन लोगों के नाम शेयरों के लाभार्थी मालिकों के तौर पर रजिस्टर ऑफ मेंबर्स ऑफ द कंपनी या डिपॉजिटरीज के रिकॉर्ड्स में होंगे, वे बायबैक में हिस्सा लेने के पात्र होंगे। याद रहे कि जो लोग आज शुक्रवार को शेयर खरीदेंगे, वे इस कॉरपोरेट एक्शन का हिस्सा नहीं बन पाएंगे।

विप्रो ने बायबैक प्राइस 250 रुपये प्रति शेयर तय किया है। बायबैक में प्रमोटर और प्रमोटर समूह के सदस्य भी हिस्सा लेने वाले हैं। विप्रो लगभग 3 साल बाद शेयर बायबैक कर रही है। पिछला बायबैक जून 2023 में किया गया था। उस वक्त कंपनी ने 22 जून से 30 जून के बीच 12,000 करोड़ रुपये के शेयर वापस खरीदे थे। इसने 26.96 करोड़ इक्विटी शेयर हासिल किए थे। बायबैक प्राइस 445 रुपये प्रति शेयर था।

Wipro के बोर्ड ने 2026 के बायबैक प्रोग्राम को 16 अप्रैल को मंजूरी दी थी। रिकॉर्ड डेट होने के चलते 5 जून को शेयर की चाल पर खासी नजर रहेगी। विप्रो के शेयर की फेस वैल्यू 2 रुपये है। शेयर की कीमत BSE पर गुरुवार, 4 जून को 204.30 रुपये पर बंद हुई। कंपनी का मार्केट कैप 2.14 लाख करोड़ रुपये है। शेयर BSE 100 इंडेक्स का हिस्सा है।


Wipro शेयर का रिटर्न

कंपनी का शेयर 6 महीनों में 20 प्रतिशत नीचे आया है। शेयर का BSE पर 52 सप्ताह का एडजस्टेड हाई 273.15 रुपये और एडजस्टेड लो 186.50 रुपये है। कंपनी में मार्च 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 72.62 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। Wipro को कवर करने वाले 45 एनालिस्ट्स में से 11 ने 'बाय' रेटिंग दी है। 19 ने 'होल्ड' की सलाह दी है, और 15 ने 'सेल' की सलाह दी है। कंपनी के मार्च 2026 तिमाही के नतीजों के बाद मॉर्गन स्टेनली ने 'अंडरवेट' रेटिंग बरकरार रखी और प्राइस टारगेट को घटाकर 194 रुपये प्रति शेयर कर दिया। नोमुरा ने 250 रुपये के टारगेट के साथ 'बाय' रेटिंग बरकरार रखी है। JPMorgan ने शेयर के लिए 200 रुपये के टारगेट के साथ 'न्यूट्रल' रेटिंग बरकरार रखी। कोटक इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज ने 'सेल' रेटिंग के साथ 190 रुपये का टारगेट बरकरार रखा।

जनवरी-मार्च 2026 तिमाही के दौरान कंपनी का शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 1.89 प्रतिशत की गिरावट के साथ 3,501.8 करोड़ रुपये रहा। कुल इनकम 7.6 प्रतिशत बढ़कर 24,236.3 करोड़ रुपये हो गई। पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में विप्रो का शुद्ध मुनाफा 0.47 प्रतिशत की मामूली बढ़ोतरी के साथ 13,197.4 करोड़ रुपये रहा। रेवेन्यू 3.96 प्रतिशत बढ़कर 92,624 करोड़ रुपये रहा।

Stocks to Watch: RBI MPC के फैसले का दिन; खास वजहों से Indigo, Groww और CG Power जैसे स्टॉक्स पर रहेगी नजर

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।