Wipro का शेयर और 8% लुढ़का, 2 दिन में 11% कमजोर; लेकिन क्यों?

Wipro Share Price: शेयर में आई गिरावट की अहम वजह इसका बायबैक प्रोग्राम है। बोर्ड ने 2026 के बायबैक प्रोग्राम को 16 अप्रैल को मंजूरी दी थी। बायबैक प्राइस 250 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। अनुमान है कि रिकॉर्ड डेट गुजरने के बाद कुछ निवेशक एग्जिट कर रहे हैं

अपडेटेड Jun 08, 2026 पर 4:08 PM
Wipro 15,000 करोड़ रुपये का शेयर बायबैक कर रही है।

IT कंपनी विप्रो (Wipro) के शेयरों में 8 जून को लगातार दूसरे कारोबारी सेशन में गिरावट है। शेयर दिन में BSE पर पिछली क्लोजिंग से 8.7 प्रतिशत तक फिसलकर 181.10 रुपये के लो तक गया। यह शेयर का 52 सप्ताह का नया निचला स्तर है। बाद में 181.80 रुपये पर बंद हुआ। कंपनी का मार्केट कैप 2 लाख करोड़ रुपये से नीचे आ चुका है। शुक्रवार, 5 जून को शेयर 3 प्रतिशत गिरावट के साथ बंद हुआ था। विप्रो के शेयर में आई गिरावट की अहम वजह इसका बायबैक प्रोग्राम है। कंपनी 15,000 करोड़ रुपये का शेयर बायबैक कर रही है। इसके तहत यह अपने शेयरहोल्डर्स से 60 करोड़ शेयरों को वापस खरीदेगी।

इसके लिए रिकॉर्ड डेट 5 जून, 2026 थी। इस तारीख तक जिन लोगों के नाम शेयरों के लाभार्थी मालिकों के तौर पर रजिस्टर ऑफ मेंबर्स ऑफ द कंपनी या डिपॉजिटरीज के रिकॉर्ड्स में होंगे, वे बायबैक में हिस्सा लेने के पात्र होंगे।

वैसे तो बायबैक को आम तौर पर शेयरधारकों को अतिरिक्त नकदी लौटाने के एक अच्छे तरीके के तौर पर देखा जाता है, लेकिन रिकॉर्ड डेट के बाद शेयरों में प्रॉफिट-बुकिंग हो सकती है। ऐसा इसलिए क्योंकि जो निवेशक ऑफर के लिए पात्र होने के लिए शेयर खरीदते हैं, वे रिकॉर्ड डेट गुजरने के बाद शेयर बेचने लगते हैं।


क्या है बायबैक प्राइस

Wipro के बोर्ड ने 2026 के बायबैक प्रोग्राम को 16 अप्रैल को मंजूरी दी थी। बायबैक प्राइस 250 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। बायबैक में प्रमोटर और प्रमोटर समूह के सदस्य भी हिस्सा लेने वाले हैं। कंपनी लगभग 3 साल बाद शेयर बायबैक कर रही है। पिछला बायबैक जून 2023 में किया गया था। उस वक्त विप्रो ने 22 जून से 30 जून के बीच 12,000 करोड़ रुपये के शेयर वापस खरीदे थे। इसने 26.96 करोड़ इक्विटी शेयर हासिल किए थे। बायबैक प्राइस 445 रुपये प्रति शेयर था।

Wipro का शेयर 6 महीनों में 30 प्रतिशत कमजोर

विप्रो के शेयर की फेस वैल्यू 2 रुपये है। शेयर BSE 100 इंडेक्स का हिस्सा है। शेयर 6 महीनों में 30 प्रतिशत कमजोर हुआ है। शेयर को कवर करने वाले 45 एनालिस्ट्स में से 11 ने 'बाय' रेटिंग दी है। 19 ने 'होल्ड' की सलाह दी है, और 15 ने 'सेल' की सलाह दी है। मॉर्गन स्टेनली ने 'अंडरवेट' रेटिंग बरकरार रखी है और प्राइस टारगेट घटाकर 194 रुपये प्रति शेयर कर दिया है। नोमुरा ने 250 रुपये के टारगेट के साथ 'बाय' रेटिंग बरकरार रखी है। JPMorgan ने शेयर के लिए 200 रुपये के टारगेट के साथ 'न्यूट्रल' रेटिंग बरकरार रखी। कोटक इंस्टीट्यूशनल इक्विटीज ने 'सेल' रेटिंग के साथ 190 रुपये का टारगेट बरकरार रखा।

Sterlite Tech में ब्लॉक डील में मोतीलाल ओसवाल MF ने खरीदे 36.48 लाख शेयर, 5% गिरावट के साथ लगा लोअर सर्किट

Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।