Yes Bank एक अरब डॉलर जुटाने के करीब है। वह प्राइवेट इक्विटी फर्म कार्लाइल (Carlyle) और एडवेंट इंटरनेशनल (Advent International) से यह फंड जुटा रहा है। अंग्रेजी बिजनेस न्यूज वेबसाइट मिंट ने यह खबर दी है। यस बैंक काफी समय से फंड जुटाने की कोशिश कर रहा था।
इस महीने की शुरुआत में CNBC TV18 ने खबर दी थी कि कार्लाइल ने कनवर्टेबल डेट के जरिए यस बैंक में 10 फीसदी हिस्सेदारी लेने में दिलचस्पी दिखाई है। यस बैंक का बोर्ड जुलाई के मध्य में फंड जुटाने के प्लान पर चर्चा करेगा।
पहले आईं खबरों में कहा गया था कि कार्लाइल यस बैंक में 3,750-4,500 करोड़ रुपये (50-60 करोड़ डॉलर) इनवेस्ट करने के बारे में सोच रही है। मनीकंट्रोल ने भी अप्रैल में खबर दी थी कि कर्लाइल एसबीआई कार्ड्स एंड पेमेंट सर्विसेज में अपनी पूरी हिस्सेदारी 2,558 करोड़ रुपये में बेचेगा।
मिंट ने 2 जून को खबर दी थी कि यस बैंक ने 49,000 करोड़ रुपये के बैड लोन से छुटकारा पाने के लिए JC Flowers ARC को अपना पार्टनर सेलेक्ट किया था। बैंक का फोकस अपनी बुक्स को साफ रखने और क्रेडिट ग्रोथ के लिए पूंजी जुटाने पर रहा है।
दो साल पहले यस बैंक दिवालिया होने की कगार पर पहुंच गया था। सरकार और RBI ने इसे डूबने से बचाने के लिए एक स्पेशल प्लान बनाया था। 8 जून को यस बैंक ने ऐलान किया था कि उसने रीकंस्ट्रक्शन स्कीम से बाहर निकलने का प्रोसेस शुरू कर दिया है।
यस बैंक के शेयर में मंगलवार को अच्छी तेजी दिखी। 11:53 बजे बैंक का शेयर 2.02 फीसदी की तेजी के साथ 12.60 रुपये पर था।