Yes Bank Share Price: 15 फरवरी को यस बैंक के शेयर में करीब 4 प्रतिशत तक की तेजी देखी गई। सीएनबीसी आवाज की एक रिपोर्ट के मुताबिक, बैंक में बल्क डील्स के जरिए करीब 40 करोड़ शेयरों की बिक्री हुई है। बिक्री की वैल्यू 1160 करोड़ रुपये आंकी गई है। सीएनबीसी आवाज ने सोर्सेज के हवाले से कहा है कि कार्लाइल ग्रुप की एंटिटी CA Basque Investments ने ब्लॉक डील्स में यस बैंक के करीब 40 करोड़ शेयरों की बिक्री की है, जो शेयर कैपिटल के करीब 1.39 प्रतिशत के बराबर है। एवरेज प्राइस ओर शेयर खरीदारों की डिटेल्स शेयर बाजार बंद होने के बाद सामने आएंगी।
कार्लाइल ने जुलाई 2022 में Yes Bank में 13.78 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर लगभग 9.99 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी थी। इसकी वैल्यू 4450 करोड़ रुपये रही थी। दिसंबर 2023 के आखिर तक CA Basque Investments के पास यस बैंक में 6.43 प्रतिशत हिस्सेदारी या 1,84,80,77,851 शेयर थे। 15 फरवरी को यस बैंक का शेयर बीएसई पर बढ़त के साथ 29 रुपये पर खुला। दिन में यह पिछले बंद भाव से 3.76 प्रतिशत तक उछलकर 29.78 रुपये के हाई तक गया। कारोबार खत्म होने पर शेयर 1 प्रतिशत की मजबूती के साथ 29 रुपये पर सेटल हुआ।
यस बैंक शेयरः 3 महीने में 41% का रिटर्न
शेयर के लिए 52 सप्ताह का उच्च स्तर 32.81 रुपये और अपर प्राइस बैंड 20 प्रतिशत की बढ़त के साथ 34.44 रुपये है। पिछले 3 माह में यस बैंक शेयर 41 प्रतिशत और 1 साल में 74.46 प्रतिशत चढ़ा है। बैंक का मार्केट कैप 84000 करोड़ रुपये के पार जा चुका है।
यस बैंक को Q3 में कितना मुनाफा
FY24 की अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में Yes Bank ने 231.6 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा दर्ज किया। कंपनी का मुनाफा एक साल पहले 51.5 करोड़ रुपये रहा। इस लिहाज से कंपनी के मुनाफे में सालाना आधार पर 349.7 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी देखने को मिली है। बैंक का ग्रॉस नॉन-परफॉर्मिंग एसेट (NPA) 2.0 प्रतिशत रहा।
Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना हेतु दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।