जैगल प्रीपेड ओशियन सर्विसेज लिमिटेड के शेयरहोल्डर्स 14 मई को तगड़ी गिरावट झेल रहे हैं। शेयर की कीमत BSE पर 20 प्रतिशत गिरी और 227.65 रुपये के लो पर लोअर सर्किट लग गया। मार्च तिमाही में कंपनी के मार्जिन में गिरावट आने से सेंटिमेंट बिगड़ा है। एक दिन पहले कंपनी के जारी हुए वित्तीय नतीजों के मुताबिक, जनवरी-मार्च 2026 तिमाही में कंसोलिडेटेड शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 30.4 प्रतिशत बढ़कर 40.6 करोड़ रुपये हो गया। एक साल पहले मुनाफा 31.13 करोड़ रुपये था।
ऑपरेशंस से रेवेन्यू 49.9 प्रतिशत बढ़कर 617.91 करोड़ रुपये हो गया। मार्च 2025 तिमाही में यह 412.1 करोड़ रुपये था। तिमाही-दर-तिमाही आधार पर मुनाफे में 11.6 प्रतिशत और रेवेन्यू में 17.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। तिमाही-दर-तिमाही आधार पर कंपनी का EBITDA मार्जिन 9.9 प्रतिशत से 46 बेसिस पॉइंट घटकर 9.4 प्रतिशत रह गया।
पूरे वित्त वर्ष 2025-26 के लिए जैगल प्रीपेड ओशियन सर्विसेज का शुद्ध मुनाफा 57 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 138 करोड़ रुपये हो गया। रेवेन्यू 46.3 प्रतिशत बढ़कर 1,907.64 करोड़ रुपये रहा। कंपनी के फाउंडर और एग्जीक्यूटिव चेयरमैन राज पी. नारायणम का मानना है कि वित्त वर्ष 2027 के लिए कंसोलिडेटेड रेवेन्यू में लगभग 40 प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान है।
JM Financial ने क्या दी रेटिंग
इस बीच JM Financial ने Zaggle Prepaid Ocean Services के स्टॉक को 'बाय' रेटिंग दोहराई है। टारगेट प्राइस 380 रुपये है। ब्रोकरेज के मुताबिक, Zaggle ने एक और मजबूत तिमाही दर्ज की, जिसमें सभी सेगमेंट्स में गति बनी रही। मार्च 2026 तिमाही में रेवेन्यू सालाना आधार पर 50 प्रतिशत बढ़ा, जिसका मुख्य कारण नए क्लाइंट्स का जुड़ना और प्रति क्लाइंट ज्यादा कमाई होना था। कर्मचारियों की लागत और दूसरे खर्चों पर ऑपरेटिंग लेवरेज के चलते, एडजस्टेड EBITDA मार्जिन साल-दर-साल 50 bps बढ़कर 9.5 प्रतिशत हो गया। मैनेजमेंट ने 4 से 5 सालों में 14-15 प्रतिशत के अपने लॉन्ग-टर्म स्टैंडअलोन एडजस्टेड EBITDA मार्जिन के अनुमान को दोहराया है।
जैगल प्रीपेड ओशियन सर्विसेज का मार्केट कैप घटकर 3000 करोड़ रुपये रह गया है। शेयर की फेस वैल्यू 1 रुपये है। कंपनी में मार्च 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 44.15 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर 6 महीनों में 29 प्रतिशत नीचे आया है। यह शेयर BSE 1000 इंडेक्स का हिस्सा है।
Disclaimer: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।