Infosys के साथ हुई एक डील ने इस शेयर को लगा दिए पंख, एक दिन में 13% उछला स्टॉक, कल भी रखें नजर

Infosys के साथ 5 साल का करार होने के बाद गुरुवार को Zaggle Prepaid का शेयर 12.7 फीसदी तक चढ़कर 168.02 रुपये पर पहुंचा। शेयर 9.67 फीसदी की बढ़त के साथ 163.50 रुपये पर बंद हुआ।

अपडेटेड Nov 26, 2026 पर 5:42 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Zaggle Prepaid अपना कर्मचारी खर्च मैनेजमेंट प्लेटफॉर्म Zaggle Save अब Infosys को देगी।

Infosys के साथ हुए 5 साल के करार की खबर से गुरुवार, 26 नवंबर को Zaggle Prepaid Ocean Services के शेयर में तेज खरीदारी आई। NSE पर शेयर 12.7 फीसदी तक उछलकर 168.02 रुपये के इंट्राडे हाई पर पहुंच गया। कारोबार खत्म होते-होते तेजी कुछ कम हुई, फिर भी शेयर 9.67 फीसदी की मजबूत बढ़त के साथ 163.50 रुपये पर बंद हुआ।

Infosys को Zaggle Save देगी कंपनी

रेगुलेटरी फाइलिंग के मुताबिक इस करार के तहत Zaggle, Infosys Ltd को Zaggle Save देगी। ये कंपनी का प्लेटफॉर्म है, जो कर्मचारियों के खर्च के मैनेजमेंट और उनके बेनिफिट्स से जुड़ा है।


इस डील की रकम कंपनी ने नहीं बताई है, क्योंकि इससे होने वाली कमाई पहले से तय नहीं है। फाइलिंग में कंपनी ने कहा, "SaaS/सॉफ्टवेयर फीस की रकम प्लेटफॉर्म पर संबंधित महीनों में एक्टिव यूजर्स की संख्या पर निर्भर करेगी, और इससे जुड़ी प्रोग्राम फीस समय के साथ यूजर्स के असल खर्च पर निर्भर करेगी।"

कंपनी के मुताबिक इसी वजह से इस कॉन्ट्रैक्ट की वैल्यू या रकम का अंदाजा अभी लगाना मुश्किल है। मतलब जितने ज्यादा लोग इस प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करेंगे और जितना ज्यादा खर्च इसके जरिए होगा, Zaggle की कमाई उतनी ही बढ़ेगी।

Q2 में मुनाफा घटा, रेवेन्यू बढ़ा

ये करार ऐसे समय आया है, जब इस स्पेंड मैनेजमेंट और फिनटेक कंपनी के मुनाफे पर दबाव है। Q2FY27 में Zaggle का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 30.1 फीसदी घटकर 24.4 करोड़ रुपये रह गया। पिछले साल की इसी तिमाही में ये 34.9 करोड़ रुपये था।

दूसरी तरफ रेवेन्यू फ्रॉम ऑपरेशंस 34.2 फीसदी बढ़कर 579.8 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो Q2FY26 में 432.2 करोड़ रुपये था। EBITDA 4.2 फीसदी घटकर 44.6 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले ये 46.5 करोड़ रुपये था। एडजस्टेड EBITDA मार्जिन 310 बेसिस पॉइंट घटकर 10.8 फीसदी से 7.7 फीसदी पर आ गया। कंपनी की बिक्री तो तेजी से बढ़ी, लेकिन उसमें से बचने वाला मुनाफा घट गया।

52 हफ्ते के हाई के आधे से भी नीचे शेयर

पिछले एक हफ्ते में शेयर 5 फीसदी और एक महीने में 7 फीसदी चढ़ा है, लेकिन लंबे समय में इसका हाल अब भी कमजोर है। इस साल अब तक शेयर 53 फीसदी टूट चुका है। 28 नवंबर 2025 को इसने 397 रुपये का 52 हफ्ते का हाई बनाया था। 26 अक्टूबर 2026 को ये फिसलकर 146.65 रुपये के एक साल के निचले स्तर पर आ गया था।

गुरुवार को 163.50 रुपये पर बंद होने के बाद भी शेयर अपने 52 हफ्ते के हाई के आधे से नीचे है। NSE के डेटा के मुताबिक 26 नवंबर 2026 तक कंपनी का कुल मार्केट कैप 2200.40 करोड़ रुपये है।

इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी को ₹1441 करोड़ का हाइड्रो प्रोजेक्ट मिला, अरुणाचल प्रदेश में बनाएगी 144 MW का पावर प्लांट

Disclaimer: यहां मुहैया जानकारी सिर्फ सूचना के लिए दी जा रही है। यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है। निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें। मनीकंट्रोल की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।