New-age tech stocks: नए जमाने की टेक्नोलॉजी आधारित कंपनियों में आज जोरदार तेजी आई है। गौरतलब है कि कल अमेरिका में खुदरा महंगाई के मोर्चे पर मिली राहत की खबर के बाद यूएस मार्केट में भी टेक स्टॉक जोश में नजर आए थे और नैस्डेक रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ था। बता दें कि अमेरिका में कल आए महंगाई आंकड़ों के मुताबिक अक्टूबर महीने में खुदरा महंगाई दर कम होकर 7.7 फीसदी पर आ गई है। जबकि इसके 7.9 फीसदी पर रहने का अनुमान किया गया था। इससे इस बात के संकेत मिलते हैं कि अमेरिका में कई दशकों के ऊंचे स्तरों पर चल रही महंगाई कुछ ठंडी पड़ती नजर आ रही है।
अमेरिका में टेक्नोलॉजी स्टॉक्स में जोरदार तेजी
अक्टूबर में अमेरिका की कोर CPI इंफ्लेशन दर भी नीचे आई है और यह 6.5 फीसदी के अनुमान के मुकाबले 6.3 फीसदी पर रही है। अब ट्रेडरों को इस बात की उम्मीद बढ़ गई है कि यूएस फेड अपनी आगे होने वाली पॉलिसी मीट में ब्याज दरों में बढ़ोतरी की मात्रा में कमी लगाएगा। इसके अलावा जानकार यह भी अनुमान लगा रहे हैं कि यूएस फेड मार्च 2023 तक ब्याज दरों में बढ़ोतरी पर विराम लगा सकता है। कल के कारोबार में इसी उम्मीद के चलते अमेरिका में टेक्नोलॉजी स्टॉक्स में जोरदार तेजी आई और NASDAQ टेक्नोलॉजी इंडेक्स 6 फीसदी की बढ़त लेकर बंद हुआ। घरेलू बाजार में भी आज Zomato,Paytm, PB Fintech, Paytm और Nykaa जैसे नए जमाने के इंटरनेट आधारित टेक शेयरों में जोरदार खरीदारी देखने को मिली है।
ब्याज दर और टेक्नोलॉजी स्टॉक के वैल्यूएशन में होता है उल्टा संबंध
जानकारों का कहना है कि अगर ब्याज दरों में बढ़ोतरी पर लगाम लगती है तो इन स्टॉक के वैल्यूएशन में फिर बढ़त होती दिखेगी। गौरतलब है कि इकोनॉमी में ब्याज दर और टेक्नोलॉजी स्टॉक के वैल्यूएशन में विपरीत संबंध (inverse relationship)होता है। इसका मतलब यह है कि जब इकोनॉमी में ब्याज दरें ऊंची रहती हैं तो इस तरह के कंपनियों के शेयर के भाव पर दबाव पड़ता है। इसकी वजह यह है कि इस तरह की कंपनियां अभी अपने शुरुआती दौर में हैं और ये अपने कारोबार के विस्तार के लिए कर्ज पर लिए गए पैसे पर काफी ज्यादा निर्भर हैं। इनमें से अधिकांश कंपनियां अभी घाटे में चल रही है । यहां तक की ये ब्रेक इवेन (न घाटा न मुनाफा) की स्थित में भी नहीं है। ऐसे में जब ब्याज दरों में बढ़ोतरी होती है तो इन कंपनियों के मार्जिन और मुनाफे में दबाव आता है। जिसका निगेटिव असर इन शेयरों के भाव पर पड़ता है।
अगले 12 महीनों में अमेरिका में ब्याज दरों में और गिरावट की उम्मीद
अमेरिका से महंगाई के मोर्च से आई अच्छी खबर के बाद ट्रेडर्स इस बात का अनुमान लगा रहे हैं कि अगले 12 महीनों में अमेरिका में ब्याज दरों में गिरावट आएगी। ऐसे में नए जमाने की टेक्नोलॉजी कंपनियां विदेशी निवेशकों के लिए निवेश के लिहाज से आर्कषक हो जाएंगी। क्योंकि इन शेयरों की वर्तमान वैल्यू ब्याज दरों में गिरावट के साथ बढ़ती नजर आएगी। इस उम्मीद के चलते ही आज के कारोबार में Zomato, Nykaa, Paytm, PB Fintech और CarTrade जैसे शेयर में एनएसई पर 2-15 फीसदी की तेजी देखने को मिली है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए विचार एक्सपर्ट के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदाई नहीं है। यूजर्स को मनी कंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।