Zydus Wellness Share Price: ब्रोकरेज फर्म आईआईएफएल ने जाइडस वेलनेस की खरीदारी की रेटिंग और ₹650 के टारगेट प्राइस के साथ कवरेज शुरू की तो इसके शेयर रॉकेट बन गए। एक तरफ शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स (Sensex) और निफ्टी 50 (Nifty 50) धड़ाम हो गए तो दूसरी तरफ जाइडस वेलनेस के शेयर 9% से अधिक उछल पड़े और यह निफ्टी 500 का टॉप गेनर बन गया। फिलहाल बीएसई पर यह 3.67% की बढ़त के साथ ₹549.30 पर है। इंट्रा-डे में यह 9.56% उछलकर ₹580.50 तक पहुंच गया था। इससे पहले 2 मार्च 2026 को बीएसई पर यह एक साल के निचले स्तर ₹357.55 पर था जिससे चार ही महीने में यह 70.871% उछलकर 20 जुलाई 2026 को एक साल के हाई ₹610.95 पर पहुंच गया था।
Zydus Wellness पर क्यों फिदा IIFL Capital?
ब्रोकरेज फर्म का कहना है कि जाइडस वेलनेस का बिजनेस अब तक शुगर-फ्री, ग्लूकॉन-डी, नाइसिल, इवरयूथ और न्यूट्रालाइट जैसे चुनिंदा ब्रांड्स पर निर्भर रहा है। इनकी अपने-अपने सेगमेंट में मजबूत मार्केट हिस्सेदारी रही है लेकिन सीजनल डिमांड और कैटेगरी की सुस्त ग्रुथ के चलते कंपनी की ग्रोथ सीमित रही है।
हालांकि अब ब्रोकरेज फर्म का कहना है कि राइटबाइक मैक्स प्रोटीन (RiteBike Max Protein) और कंफर्ट क्लिक (Comfort Click-CC) के अधिग्रहण से कंपनी के बिजनेस में बड़ा बदलाव आया है। FY27 तक इन दोनों नए ग्रोथ प्लेटफॉर्म्स की कंपनी के बिजनेस में कुल मिलाकर करीब 50% हिस्सेदारी हो सकती है। इसके दम पर वित्त वर्ष 2026 से वित्त वर्ष 2029 के बीच इसकी सेल्स सालाना 13.7% की रफ्तार से बढ़ सकती है जबकि वित्त वर्ष 2021-26 के बीच इसकी रफ्तार करीब 6.4% CAGR रही थी। ब्रोकरेज के अनुसार कंपनी का कंसालिडेटेड EBITDA मार्जिन भी FY26 के 12.9% से बढ़कर FY29 तक 16% हो सकता है।
ब्रोकरेज फर्म का कहना है कि इससे पहले कंपनी ने Heinz का जो अधिग्रहण किय़ा था, वहां मुख्य दांव पुराने और मेच्योर ब्रांड्स को दोबारा तेजी से बढ़ाने पर था, लेकिन अब राइटबाइक मैक्स प्रोटीन और कंफर्ट क्लिक के अधिग्रहण में ऐसे प्लेटफॉर्म्स पर दांव लगाया गया है जो पहले से तेज गति से बढ़ रहे हैं और आगे भी उसी तरह बढ़ सकते हैं।
ब्रोकरेज फर्म के मुताबिक कंपनी अपने जनरल ट्रेड (GT) डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क का फायदा राइटबाइट को दे सकती है तो कंफर्ट क्लिक को जाइडस वेलनेस की मजबूत बैलेंस शीट का फायदा मिलेगा। कंफर्ट क्लिक अपने कारोबार को बड़े पैमाने पर करने और यूके/यूरोप से बाहर ले जाने के लिए जरूरी पूंजी मिल जाएगी। आईआईएफएल कैपिटल का कहना है कि जाइडस वेलनेस अब एक अलग तरह की कंपनी है, क्योंकि दो नए ग्रोथ इंजन जुड़ने से मौसमी और मैच्योर कैटेगरी पर इसकी निर्भरता कम हो गई है।
डिस्क्लेमर: मनीकंट्रोल.कॉम पर दिए गए सलाह या विचार एक्सपर्ट/ब्रोकरेज फर्म के अपने निजी विचार होते हैं। वेबसाइट या मैनेजमेंट इसके लिए उत्तरदायी नहीं है। यूजर्स को मनीकंट्रोल की सलाह है कि कोई भी निवेश निर्णय लेने से पहले हमेशा सर्टिफाइड एक्सपर्ट की सलाह लें।