Credit Cards

Colon Cancer: कम उम्र में भी हो सकता है कोलन कैंसर, इन 6 लक्षणों को न करें इग्नोर

Colon Cancer: कोलन कैंसर अक्सर आम पेट की समस्या लग सकता है, लेकिन इसके संकेत गंभीर हो सकते हैं। कब्ज, डायरिया, पेट दर्द या थकान जैसे लक्षण नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है। अगर समय रहते पहचाना जाए, तो इलाज आसान होता है। इसलिए शुरुआती लक्षणों को हल्के में न लें और सतर्क रहें

अपडेटेड Jul 14, 2025 पर 14:09
Story continues below Advertisement
कोलन कैंसर बड़ी आंत में होने वाला गंभीर रोग है। यह बीमारी अगर समय पर पकड़ में आ जाए, तो इलाज काफी हद तक सफल हो सकता है। लेकिन दिक्कत तब होती है जब इसके शुरुआती लक्षणों को लोग नजरअंदाज कर देते हैं। अक्सर इसे पेट की सामान्य दिक्कत जैसे गैस, कब्ज या डायरिया समझकर टाल दिया जाता है। खास बात यह है कि कोलन कैंसर अब सिर्फ बुजुर्गों तक सीमित नहीं है। खराब खानपान और बदलती जीवनशैली के कारण अब यह युवाओं को भी तेजी से अपनी चपेट में ले रहा है। जानिए ऐसे कौन से लक्षण हैं जिन्हें हल्के में नहीं लेना चाहिए। photo credit: Canva

1. बार-बार डायरिया या कब्ज होना
अगर आपको अक्सर कब्ज या दस्त की शिकायत रहती है और यह लंबे समय तक बनी हुई है, तो सतर्क हो जाएं। यह सिर्फ पाचन गड़बड़ी नहीं, कोलन कैंसर का संकेत भी हो सकता है। जब बड़ी आंत में ट्यूमर बन जाता है, तो मल त्याग की प्रक्रिया बाधित होती है। कभी दस्त आता है, तो कभी पेट एकदम सूख जाता है। अगर पेट साफ नहीं हो रहा या बार-बार टॉयलेट जाना पड़ रहा है, तो ये लक्षण अनदेखा न करें। photo credit: Canva

2. मल में खून आना या रेक्टल ब्लीडिंग
मल के साथ खून दिखना एक आम लक्षण है, जिसे लोग अक्सर बवासीर मानकर इलाज नहीं करवाते। लेकिन यह कोलन कैंसर की बड़ी चेतावनी हो सकती है। ट्यूमर के कारण आंतों की दीवारों में घाव हो सकता है, जिससे खून निकलने लगता है। अगर बार-बार ब्लीडिंग हो रही है, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें। photo credit: Canva

3. पेट दर्द, ऐंठन और गैस की लगातार शिकायत
अगर बिना किसी कारण के पेट में लगातार दर्द, ऐंठन या भारीपन महसूस हो रहा है, तो इसे नजरअंदाज न करें। कोलन कैंसर के शुरुआती लक्षणों में यह समस्या आम है। ट्यूमर आंतों में रुकावट पैदा करता है, जिससे गैस जमा हो जाती है और पेट फूला रहता है। लगातार हो रहे ऐसे लक्षणों को मामूली न समझें। photo credit: Canva

4. बिना मेहनत के थकान और कमजोरी महसूस होना
अगर आप हमेशा थकान महसूस करते हैं और थोड़ा भी काम करने से चक्कर आते हैं या कमजोरी महसूस होती है, तो यह कोलन कैंसर की ओर इशारा हो सकता है। कैंसर की वजह से शरीर में धीरे-धीरे खून की कमी होने लगती है। ट्यूमर से धीमी ब्लीडिंग होती रहती है, जिससे शरीर कमजोर पड़ने लगता है। photo credit: Canva

5. तेजी से वजन घटना
अगर आप न तो डाइटिंग कर रहे हैं और न ही कोई खास एक्सरसाइज, फिर भी आपका वजन अचानक कम हो रहा है, तो सतर्क हो जाएं। यह लक्षण भी कोलन कैंसर का हो सकता है। कैंसर कोशिकाएं शरीर की एनर्जी तेजी से खत्म करती हैं, जिससे वजन गिरने लगता है। photo credit: Canva

6. पेट पूरी तरह साफ न होने का एहसास
कुछ लोगों को टॉयलेट जाने के बाद भी लगता है कि उनका पेट पूरी तरह खाली नहीं हुआ। यह भी कोलन कैंसर का एक संकेत हो सकता है। दरअसल, ट्यूमर आंत में रुकावट पैदा करता है, जिससे मल पूरी तरह बाहर नहीं निकल पाता। यह लक्षण लंबे समय तक लगातार महसूस हो तो तुरंत जांच करवाएं। photo credit: Canva

7. युवाओं को भी हो सकता है कोलन कैंसर
अक्सर लोग मानते हैं कि कोलन कैंसर सिर्फ बुजुर्गों को होता है, लेकिन यह सोच अब बदल चुकी है। आजकल यह बीमारी 30–40 की उम्र के लोगों में भी तेजी से बढ़ रही है। अनहेल्दी फूड, फाइबर की कमी, प्रोसेस्ड फूड और लाइफस्टाइल में लापरवाही इसकी बड़ी वजहें हैं। इसलिए हर उम्र के व्यक्ति को इसके लक्षणों पर नजर रखनी चाहिए। photo credit: Canva

डिस्क्लेमर: यह लेख सिर्फ सामान्य जानकारी के लिए है। किसी भी तरह से किसी दवा या इलाज का विकल्प नहीं हो सकता। ज्यादा जानकारी के लिए हमेशा अपने डॉक्टर से संपर्क करें।