
भारतीय रेलवे ने मुंबई सेंट्रल स्टेशन (Mumbai Central station) पर अपनी तरह का पहला पॉड होटल (Pod Hotel) खोला है। रेल यात्रियों के अलावा यहां दूसरे आम लोग भी अपेक्षाकृत सस्ती दरों पर ठहर सकते हैं और पॉड में मिलने वाली आधुनिक सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं।
क्या होता है पॉड होटल?
बता दें कि पॉड एक कैप्सूल-साइज होटल होता है, जहां कैप्सूल के आकार के कमरे बने होते हैं। ये कमरे काफी छोटे साइज के होते हैं, लेकिन ये सभी आधुनिक सुविधाओं से लैस होते हैं। यह यात्रियों को रात भर ठहरने के लिए किफायती दरों पर आवास प्रदान करता है। जापान और सिंगापुर में पॉड होटल का काफी चलन है और अब दुनिया के तमाम देशों में ऐसे होटल खोलने का चलन बढ़ रहा है।
रेल राज्य मंत्री ने किया उद्घाटन
केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रावसाहेब दानवे ने बुधवार को साउथ मुंबई के चर्चगेट से डिजिटल तरीके से भारतीय रेलवे के पहले पॉड होटल का उद्घाटन किया। मंत्री ने वीडियो लिंक के जरिए पॉड होटल में मिलने वाली विभिन्न यात्री सुविधाओं का भी उद्घाटन किया।
कितना होगा रेट?
पश्चिम रेलवे (WR) के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, इस पॉड होटल में ठहरने के लिए 12 घंटे के लिए 999 रुपये और 24 घंटे के लिए 1,999 रुपये का पेमेंट करना होगा। पॉड होटल के कैप्सूल साइज कमरों में यात्रियों को वाईफाई, टीवी, एक छोटा लॉकर, आईना और रीडिंग लाइट आदि जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
रेल मंत्रालय ने जारी की तस्वीरें
रेल मंत्रालय (Railway Ministry) ने ट्विटर पर पॉड होटल की तस्वीरों को शेयर करते हुए लिखा, "अगर आप ट्रेन के जरिए किसी छोटी बिजनेस ट्रिप पर मुंबई आ रहे हैं या छात्रों का कोई समूह मुंबई घूमने आ रहा है, और आपको रहने का कोई किफायती ठिकाना चाहिए, तो मुंबई सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर आपको सफर के आरामदाय और सरल बनाने के लिए पॉड होटल मौजूद है।"
अर्बनपॉड के साथ साझेदारी में खुला होटल
बता दें कि इन होटल को खोलने के लिए रेलवे ने अर्बनपॉड (Urbanpod) नाम की एक कंपनी के साथ रेवेन्यू-शेयरिंग आधार पर साझेदारी की है। यह कंपनी भारत में पॉड होटल चलाने वाली इकलौती फर्म है।